ट्रांसपोर्टर 25 से 30 फीसदी माल भाड़े में कर सकते हैं वृद्धि

Newswrap हिन्दुस्तान, अलीगढ़
share

Aligarh News - डीजल की कीमतों में वृद्धि के बाद ट्रांसपोर्टर भी माल भाड़ा बढ़ाने को तैयार, ट्रांसपोर्टरों को माल मंगाना एवं भेजना हो जाएगा मंहगा, कीमतों में होगा इजाफा

ट्रांसपोर्टर 25 से 30 फीसदी माल भाड़े में कर सकते हैं वृद्धि

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। डीजल की कीमतों में 3.1 रुपये की बढ़ोत्तरी से ट्रांसपोर्टर भी किराया बढ़ाने की तैयारी में लग गए हैं। लंबे समय से ट्रांसपोर्टरों ने किराया नहीं बढ़ाया है। अब ट्रांसपोर्टर किराया बढ़ाने का मन बना चुके हैं। ट्रांसपोर्टरों की मानें तो 25 से 30 फीसदी माल भाड़े में इजाफा हो सकता है। इसको लेकर ट्रांसपोर्टर मंथन कर रहे हैं। माल भाड़े में इजाफा होने से खाद्य वस्तुओं समेत अन्य के भाव बढ़ेंगे। इससे लोगों की जेब पर सीधा असर आएगा। ट्रांसपोर्टरों की मानें तो कई सालों से माल भाड़े में इजाफा नहीं हुआ है। हर साल रोड टैक्स, परिवहन शुल्क, टोल टैक्स, कॉमर्शियल वाहनों की कीमतें, डीजल, सीएनजी की कीमतें बढ़ जाती हैं, लेकिन माल भाड़े में इजाफा नहीं होता है। लेकिन अब डीजल की कीमतों में इजाफा होने के बाद माल भाड़े में इजाफा करना होगा। मार्जिन को बरकरार रखने के लिए माल भाड़े में इजाफा करना पड़ेगा। कुछ स्थानों पर माल भाड़े में इजाफा ट्रांसपोर्टरों ने कर भी दिया है। मार्केट में काम नहीं है। अलीगढ़ में कारोबार मेटल पर निर्भर करता है और मेटल की कीमतों में इजाफा होने के कारण ट्रांसपोर्टरों का धंधा मंदा चल रहा है। बुकिंग अब दूसरे राज्यों को बहुत कम हो रही है। इसका कारण उद्योगों में उत्पादन कम होना बताया जा रहा है। अलीगढ़ में 500 से अधिक ट्रांसपोर्टर हैं, जिनके पास हजारों की संख्या में वाहन हैं। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, गुजरात, जम्मू कश्मीर, हिमाचल, महाराष्ट्र, पुणे, बिहार, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडू समेत अन्य प्रदेश में ट्रांसपोर्ट करते हैं。

लोकल वाले भी बढ़ाएंगे माल भाड़ा

नेशनल स्तर पर माल परिवहन करने वाले ट्रांसपोर्टरों के साथ लोकल वाले भी माल भाड़े में इजाफा करेंगे। इसमें पिकअप, टाटा 407, मैजिक, छोटा हाथी समेत अन्य कॉमर्शियल वाहन शामिल हैं। वहीं ऑटो, निजी प्राइवेट बस ऑपरेटर, टैक्सी वाले भी किराए में इजाफा करेंगे।

Voice of UP

बोले ट्रांसपोर्टर

हमारा माल यहां से पंजाब जाता है। पंजाब में पहले से ही तीन रुपए मंहगा हो चुका है। अब डीजल पर रेट तीन रुपये बढ़ गए हैं। माल भाड़े में 25 से 30 प्रतिशत बढ़ाना ट्रांसपोर्टर की मजबूरी है। लंबे समय से हर ट्रक से संबंधित सामान पर महंगाई की मार झेल रहे हैं। श्रीकिशन गुप्ता, ट्रांसपोर्टर

ट्रांसपोर्टर व्यवसाय को जीवित रखने के लिए माल भाड़े में बढ़ोत्तरी आवश्यक है। बिना माल भाड़े में बढ़ोत्तरी के ट्रांसपोर्ट नहीं चल पाएगी। ट्रांसपोर्टर को खर्चा निकालना मुश्किल हो रहा है। बीमा, परिवहन टैक्स, टोल टैक्स, रोड टैक्स लगातार बढ़ रहा है। डीजल व सीएनजी की कीमतों में कई बार इजाफा हो चुका है। लेकिन माल भाड़ा नहीं बढ़ा है। आकाश ठाकुर, ट्रांसपोर्टर

सामान्य प्रश्न

डीजल की कीमत में कितनी बढ़ोतरी हुई है?
डीजल की कीमतों में 3.1 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।