साइबर ठगों को खाता उपलब्ध कराने वाले गिरोह के तीन शातिर दबोचे
कोतवाली क्षेत्र के व्यक्ति से रुपये डबल करने के नाम पर हुई ठगी का खुलासा, हापुड़, कानपुर व बुलंदशहर के हैं आरोपी, फोन, चेकबुक, एटीएम आदि बरामद

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के व्यक्ति से रुपये डबल करने के नाम पर हुई साइबर ठगी की घटना गुरुवार को पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन लोगों को दबोच लिया। ये लोग देशभर में लोगों को निशाना बना रहे साइबर ठगों को बैंक खाता उपलब्ध कराते थे। इनके पास से लैपटॉप, फोन, चेकबुक, एटीएम आदि सामान बरामद हुआ है। भुजपुरा निवासी दानिश पुत्र मोहम्मद सलीम गाड़ी चलाते हैं। उन्होंने 24 अप्रैल को साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा था कि वह इंस्टाग्राम पर एक ट्रेडिंग ग्रुप पर जुड़ गए, जिसमें रुपये डबल करने की बात चल रही थी। वह भी लालच में आ गए। अगले दिन उनके व्हॉटसएप नंबर पर अज्ञात नंबर से एक मैसेज आया, जिसमें रुपये निवेश के लिए बोला गया। इस पर उन्होंने 23 अप्रैल को पांच बार में अलग-अलग खातों में एक लाख चार हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इंस्पेक्टर महेश कुमार त्यागी ने बताया कि इंस्पेक्टर रामेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके नाम कानपुर देहात के थाना शिवली क्षेत्र के नौगांव निवासी अनीस यादव, बुलंदशहर के थाना देहात क्षेत्र के धरपा चुहरपुर निवासी दीपक व हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र के ककराना निवासी रिंकू सिंह हैं। इनके पास से एक लैपटॉप, 27 की-पैड मोबाइल फोन, सात एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 46 चेकबुक, पांच पास बुक, 27 स्टांप मुहर, एक पेनड्राइव, तीन स्वाइप मशीन, 13 एटीएम कार्ड व 55 क्यूआर कोड बरामद हुए हैं। आरोपियों के विरुद्ध महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, केरल से कुल 13 शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं。
252 फर्म अकाउंट का विवरण मिला :
इंस्पेक्टर के अनुसार आरोपी दिल्ली-एनसीआर में दुकान खोलते थे। उस पर फर्म पंजीकृत कराते थे। फिर लोगों को नौकरी पर रखते थे। उनके माध्यम से मजदूरों व जरूरतमंद लोगों के करंट अकाउंट खोलवाते थे। इसके बदले में उन्हें पांच-10 हजार रुपये देते थे, जबकि उन खातों को साइबर ठगों को चार से पांच लाख रुपये में बेचते थे। इनके पास से 252 फर्म अकाउंट का विवरण मिला है। आरोपियों ने दिल्ली निवासी डेविड का नाम बताया है, जो खाते खरीदता था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


