Aligarh News: कांग्रेस कार्यालय में हुए थप्पड़ कांड का पटाक्षेप, गले मिले
Aligarh News: अलीगढ़ में कांग्रेस की समीक्षा बैठक के दौरान हुए थप्पड़ कांड के बाद पूर्व विधायक विवेक बंसल के प्रयासों से दोनों नेताओं ने आपसी मतभेद भुलाकर विवाद समाप्त कर दिया। शाहिद गुड्डू और आलोक गौड़ ने एकजुटता का संकल्प लिया और जनहित के कार्यों में मिलकर काम करने का वादा किया।

Aligarh News: अलीगढ़। वरिष्ठ संवाददाता। कांग्रेस के रेलवे रोड स्थित जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान हुए थप्पड़ कांड का गुरूवार पटाक्षेप हो गया। दोनों नेता गले मिले, हाथ मिलाया और एक साथ होकर कार्य करने का वादा किया। समाधान कराने में पूर्व विधायक विवेक बंसल की अहम भूमिका रही। मैरिस रोड स्थित अयोध्या कुटी में पूर्व विधायक के कार्यालय पर दोनों पक्षों के साथ लगातार वार्ताओं का दौर चलता रहा। इन्हीं सकारात्मक प्रयासों के परिणामस्वरूप गुरूवार प्रातः कांग्रेस नेता शाहिद गुड्डू एवं आलोक गौड़ ने आपसी गिले-शिकवे भुलाकर विवाद को समाप्त करने पर सहमति व्यक्त की।
पूर्व विधायक ने दोनों नेताओं का हाथ मिलवाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया और उन्हें आपसी सौहार्द, संगठनात्मक एकता और अनुशासन बनाए रखने के लिए शुभकामनाएँ दीं। दोनों नेताओं ने भी पूर्व विधायक को आश्वस्त किया कि भविष्य में उनके बीच किसी प्रकार का कोई विवाद उत्पन्न नहीं होगा और वह कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जनहित के कार्यों में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ मिलकर कार्य करेंगे। पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता है। उन्होंने सभी कांग्रेसजनों से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन हित एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ठा. सोमवीर सिंह व महानगर अध्यक्ष नवेद खान आदि मौजूद रहे।


