बंधा लगाने को लेकर सुकमा के कर्मचारियों से झड़प, पथराव-हंगामा
Aligarh News - - पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर किया शांत, महिला का कराया मेडिकल

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। बन्नादेवी थाना क्षेत्र के मसूदाबाद चौराहे के पास बुधवार सुबह सफाई कार्य के दौरान बंधा लगाने को लेकर सुकमा कंपनी के कर्मचारियों की एक होटल संचालक व स्टाफ से झड़प हो गई। आरोप है कि संचालक की पत्नी ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। इसके बाद छतों से पथराव कर दिया गया। इसमें हाथ में पत्थर लगने से एक महिला कर्मचारी घायल हो गई। इसके विरोध में सफाई कर्मियों ने थाना बन्नादेवी में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर इनको शांत किया। बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे मसूदाबाद चौराहे के पास कर्मचारी सफाई का कार्य कर रहे थे।
तभी नाला सफाई के दौरान बंधा लगाने लगे। इसे लेकर पास के ही होटल संचालक, उसकी पत्नी व स्टाफ ने विरोध शुरू कर दिया। इसे लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते आरोपी पक्ष छतों से पानी फेंकने लगे। इसी बीच पथराव भी कर दिया, जिसमें महिला कर्मचारी बबली के हाथ में पत्थर लगने से वह घायल हो गई। घटना के विरोध में तमाम सफाई कर्मचारी एकत्रित हो गए और थाने पहुंचे। जानकारी पर सुकमा के सर्किल मैनेजर तेजवीर चौधरी, नगर सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी, महामंत्री सुनील कुमार टुंडा भी आ गए और कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर इनको शांत किया। मामले में मैनेजर की ओर से तहरीर दी गई है। इंस्पेक्टर बन्नादेवी एसपी सिंह ने बताया कि महिला कर्मचारी का मेडिकल कराया गया है। तहरीर के आधार पर जांच कराई जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




