गणित और अंग्रेजी के सवालों में उलझे अभ्यर्थी
Aligarh News - - जनपद में नौ केंद्रों पर कराई गई सीडीएस एनडीए की परीक्षा, तीन हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा के लिए थे पंजीकृत
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। संघ लोक सेवा आयोग नई दिल्ली की संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा-2025 एवं राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार को नौ केंद्रों पर हुआ। परीक्षा तीन पालियों में आयोजित हुईं। इनमें कुल तीन हजार 866 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। पहली पाली में 75.32 प्रतिशत, दूसरी पाली में 75.09 प्रतिशत व तृतीय पाली में मात्र 64 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने बताया कि गणित और अंग्रेजी सवाल थोड़े कठिन रहे। सीडीएस परीक्षा का पहला चरण सुबह नौ बजे से 11 बजे तक और परीक्षा का दूसरा चरण दोपहर 12:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित किया गया।
गणित विषय चयनित करने वालों की तीसरे चरण में चार से छह बजे तक हुई। वहीं, एनडीए की परीक्षा सुबह व दोपहर की पाली में हुई। परीक्षा के लिए सुबह से ही अभ्यर्थी व उनके अभिभावकों की भीड़ परीक्षा केंद्रों के आसपास इकट्ठा हो गई। सघन तलाशी के बाद अभ्यर्थियों को केंद्रों में एक घंटा पूर्व ही प्रवेश मिलना शुरू हो गया। बायोमीट्रिक उपस्थित के बाद परीक्षा देने की अनुमति मिली। सीडीएस परीक्षा में 11 सौ अभ्यर्थी पंजीकृत थे, पहली पाली में 353 व दूसरी पाल में 354 व तीसरे पाली में 207 अनुपस्थित रहे। एनडीए परीक्षा में कुल दो हजार 866 अभ्यर्थियों के सापेक्ष पहली पाली में 2165 व दूसरी पाली में 2157 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। यानी, पहली पाली में परीक्षा देने वाले आठ परीक्षार्थियों ने दूसरा पेपर नहीं दिया। इन परीक्षा केंद्रों पर कराई परीक्षा परीक्षा के लिए श्री टीकाराम कन्या महाविद्यालय, श्री टीकाराम कन्या इंटर कालेज, श्री गोपीराम पालीवाल इंटर कालेज, एसएमबी इंटर कालेज, धर्म समाज महाविद्यालय, श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय, बाबूलाल जैन इंटर कालेज, रतन प्रेम गर्ल्स डीएवी इंटर कालेज व डीएवी इंटर कालेज को केंद्र बनाया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




