
शुगर पीड़ित परीक्षार्थियों को परीक्षा में राहत
Aligarh News - सीबीएसई ने टाइप-1 शुगर से पीड़ित छात्रों को दी सुविधा, परीक्षा केंद्र पर दवा, चॉकलेट, फल ले जाने की अनुमति
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने टाइप-1 शुगर से पीड़ित छात्रों के हित में संवेदनशील निर्णय लिया है। फरवरी से शुरू होने जा रही बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ऐसे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर दवा, चॉकलेट और फल ले जाने की अनुमति दी गई है। बोर्ड का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के कारण किसी भी छात्र की परीक्षा प्रभावित न हो। बोर्ड द्वारा जारी सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि जिन छात्रों की लिस्ट ऑफ कैंडिडेट में टाइप-1 शुगर का उल्लेख है, उन्हें विशेष छूट प्रदान की जाएगी। ऐसे परीक्षार्थी पारदर्शी पाउच या बॉक्स में आवश्यक सामग्री साथ ला सकेंगे।
इनमें ग्लूकोमीटर, ग्लूकोज टेस्टिंग स्ट्रिप्स, कंटीन्यूअस ग्लूकोज मॉनिटरिंग मशीन, फ्लैश ग्लूकोज मॉनिटरिंग मशीन, इंसुलिन पंप, निर्धारित दवाएं, चॉकलेट और फल शामिल हैं। परीक्षा के दौरान यदि किसी छात्र को ब्लड शुगर स्तर में उतार-चढ़ाव महसूस होता है तो वह आवश्यकतानुसार इन वस्तुओं का उपयोग कर सकेगा, जिससे उसकी सेहत और परीक्षा दोनों सुरक्षित रहें। भारतीय शिशु रोग अकादमी के अध्यक्ष डॉ. विकास मेहरोत्रा ने बताया कि अकादमी द्वारा इसको लेकर पहल की गई थी। सीबीएसई ने परीक्षा केंद्रों के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि किसी तरह की असमंजस या अनावश्यक रोक-टोक न हो। केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सर्कुलर के अनुसार सहयोगात्मक रवैया अपनाएं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




