Hindi NewsUttar-pradesh NewsAligarh NewsBrutal Murder of Groom s Cousin Sparks Outrage in Aligarh Family Demands Justice
विधायक पर हत्यारोपियों को बचाने का आरोप, हंगामा

विधायक पर हत्यारोपियों को बचाने का आरोप, हंगामा

संक्षेप:

Aligarh News - - अतरौली क्षेत्र के गांव मढ़ौली स्थित मैरिज होम में पीट-पीटकर की थी युवक की हत्या

Nov 19, 2025 01:09 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अलीगढ़
share Share
Follow Us on

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। आगरा से अतरौली आई बरात में शामिल दूल्हे के चचेरे भाई की पीट-पीटकर हत्या के मामले में चार दिन बाद भी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर मंगलवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिवार की महिलाएं पहले डीआईजी कार्यालय पहुंचीं, फिर एसएसपी कार्यालय पहुंचकर एमएलसी ऋषिपाल सिंह पर आरोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। महिलाएं धरने पर बैठ गईं। हंगामा बढ़ता देख कई थानों का फोर्स पहुंचा, जिसके बाद भीड़ को शांत किया गया। एसएसपी ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। ये घटना शुक्रवार रात को हुई थी। आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के सीतानगर रामबाग निवासी ओमवीर के बेटे राहुल की बरात अतरौली क्षेत्र के गांव यहां लक्ष्मी फार्म हाउस में आई थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

यहां घरातियों ने बरातियों से जमकर मारपीट की, जिसमें दूल्हे के चचेरे भाई विनय की मौत हो गई थी। पुलिस ने केवल को जेल भेजा, जबकि अन्य फरार हैं। इसे लेकर मंगलवार सुबह परिवार के लोग डीआईजी के पास पहुंचे। वहां से उन्हें एसएसपी के पास भेजा गया। दोपहर करीब तीन बजे परिजन एसएसपी कार्यालय आए। महिलाओं ने कहा कि विनय बेहद शांत स्वभाव का था। वीडियो कॉल पर उसने घर आने की कहा, तभी कुछ देर बाद ये घटना हो गई। उसे बेरहमी से पीटा गया। गिरने के बावजूद डंडे बरसाते रहे। इतनी बड़ी घटना में भी पुलिस दबाव में काम कर रही है। एमएलसी आरोपी पक्ष को बचाने का काम कर रहे हैं। हंगामा बढ़ने पर सीओ अतरौली राजीव द्विवेदी, सीओ इगलास महेश कुमार, सीओ तृतीय सर्वम सिंह, महिला पुलिस बल पहुंच गया। इस दौरान परिवार की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। लूट की धारा बढ़ेगी, जिसके हाथ में डंडा, होगी गिरफ्तारी : हालांकि बाद में परिजनों ने एसएसपी से मुलाकात की। उन्होंने तीन मांगे रखीं। इसमें कहा कि पीड़ितों के साथ लूटपाट भी हुई थी। पुलिस ने हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके अलावा वीडियो फुटेज में कई आरोपी दिख रहे हैं, मगर पुलिस गिरफ्तार नहीं कर रही है। इस पर एसएसपी ने भरोसा दिलाया कि वीडियो में जिसके हाथ में भी डंडा या अन्य हथियार सरीखा कुछ भी है, तो उसकी गिरफ्तारी होगी। इसके अलावा मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ा दी गई है। लूट की धारा भी बढ़ाई जाएगी। ये है मामला : अतरौली के गांव जगतपुर निवासी रणजीत सिंह की बेटी निशा की शादी आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र के सीतानगर रामबाग निवासी ओमवीर के बेटे राहुल से हुई है। शुक्रवार रात को लक्ष्मी फार्म हाउस में बरात आई थी, तभी घरातियों ने एक बराती को नग्न कर उसका फोटो खींचा। रुपये छीन लिए। इसका विरोध करने पर आरोपियों ने बरातियों को लाठी-डंडों व बेल्टों से बेरहमी से पीटा। इसमें दूल्हे के चचेरे भाई आगरा निवासी विनय उर्फ छोटू की मौत हो गई थी, जबकि 10 से अधिक लोग हुए। इसमें दूल्हे के भाई योगेंद्र की हालत नाजुक है। आगरा के निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। इन लोगों पर हुआ था मुकदमा : मामले में विनय के पिता ने गांव जगतपुर के जोगेंद्र, उसके बेटे ज्ञानप्रकाश, पुष्पेंद्र, उसका भाई जयंत व गुल्लू उर्फ प्रवीन, अतुल पुत्र देवेंद्र, मनोज पुत्र रुषी, नरेश पुत्र रामवीर, विवेक पुत्र सत्यवीर और आकाश पुत्र संजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुष्पेंद्र को पुलिस जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपी फरार हैं। वहीं, गैर-इरादतन हत्या में दर्ज मुकदमे को हत्या में तरमीम कर दिया गया है। एमएलसी के बेटे के साले के शामिल होने का आरोप: मोनवीर ने कहा कि चूंकि ये लव मैरिज हुआ थी। इसलिए घरातियों ने साजिश के तहत हमला किया। सभी के साथ लूटपाट की गई। आरोपियों में एमएलसी के बेटे के साले भी शामिल थे। उन्होंने डंडे मारे। बाद में तीन बार तहरीर फड़वाई। धमकी दी कि जब तक तहरीर पर साइन नहीं करोगे, तब तक शव का पंचनामा नहीं भरेंगे। धमकी दी थी- अगर बरात लाए तो हत्या होगी : मृतक विनय की पत्नी ने कहा कि बरात में शामिल अधिकतर लोग लौट चुके थे। केवल भाई व अन्य लोग बचे थे। तभी घरातियों ने कहा कि अब तुम्हें अच्छी विदाई देंगे। फिर लूटपाट शुरू कर दी। बुरी तरह पीटा। लेकिन, लड़का (दूल्हा) देखने तक नहीं आया। घटना के बाद पूरी रस्में निभाईं गईं। उनका आरोप था कि घरातियों ने पहले ही दूल्हे को धमकी दी थी कि अगर बरात आई तो हत्या होगी। जब ये पता था तो क्यों बरात लेकर गए थे। ये सब साजिश के तहत हुआ। बाद में विधायक ने पैसे भरकर सभी को छुड़वा दिया। वर्जन परिजनों ने वीडियो के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार करने व मुकदमे में धाराएं बढ़ाने की मांग रखी थी। उन्हें आश्वस्त किया गया है कि वीडियो में जिसके हाथ में डंडा नजर आ रहा है, उसकी गिरफ्तारी होगी। इसके अलावा संबंधित धाराएं भी बढ़ाने के निर्देश दे दिए हैं। नीरज कुमार जादौन, एसएसपी