Aligarh News: पांच दिन में टूटा रिश्ता, ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप
Aligarh News: एक गांव में नवविवाहिता शादी के केवल पांच दिन बाद मायके लौट आई और ससुराल पक्ष पर मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए। 19 जुलाई को शादी के बाद, 23 जुलाई को उसने आरोप लगाया कि उसके साथ ससुराल में पीट-पीटकर बुरा हाल किया गया। मामला परिवार परामर्श केंद्र में सुलह के प्रयास में है, जबकि पुलिस जांच जारी है।

Aligarh News: छर्रा, संवाददाता। थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी के महज पांच दिन बाद ही नवविवाहिता अपने मायके लौट आई। इसके बाद उसने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला अब परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच गया है, जहां दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया जा रहा है। बताया जाता है कि 19 जुलाई को युवती की शादी हुई थी। 20 जुलाई को वह ससुराल पहुंची। 21 जुलाई को ससुराल में देवी जागरण का कार्यक्रम हुआ, जबकि 22 जुलाई को मुंह दिखाई की रस्म पूरी हुई। इसके अगले ही दिन, यानी 23 जुलाई को युवती अपने मायके वापस आ गई।
मायके लौटने के बाद युवती ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मानसिक स्थिति प्रभावित हुई है। युवती का कहना है कि उसके साथ इतनी मारपीट की गई कि वह अपनी सोचने-समझने की शक्ति तक खो बैठी। परिजनों के अनुसार, युवती को आगरा में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भी ले जाया गया। मामला परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच गया है। हालांकि, अभी दोनों पक्षों के बीच विवाद का समाधान होता नजर नहीं आ रहा है। फिलहाल युवती लगातार अपने ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप लगा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस और संबंधित स्तर पर जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


