भाजपा : शहर का ऊंट किस करवट पर बैठेगा, आज हो सकता है तय
भाजपा का शहर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी को लेकर ऊंट किस करवट बैठेगा। इसका फैसला आज यानि सोमवार को हो सकता है। इस सीट पर प्रत्याशी कौन होगा। इस पर सभी...

-शहर सीट पर लगी निगाहें, घोषणा का है बेसब्री से इंतजार
-विधायक संजीव राजा को दो साल की सजा के मामले में हाईकोर्ट में भी सुनवाई आज
कार्यालय संवाददाता। अलीगढ़।
भाजपा का शहर विधानसभा सीट पर प्रत्याशी को लेकर ऊंट किस करवट बैठेगा। इसका फैसला आज यानि सोमवार को हो सकता है। इस सीट पर प्रत्याशी कौन होगा। इस पर सभी की निगाहें लगी हुई हैं। उधर मौजूदा विधायक संजीव राजा को बीते दिनों एक मामले में दो साल की सजा के मामले में भी हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है।
शहर विधानसभा सीट पर सपा से जफर आलम, कांग्रेस से मोहम्मद सलमान इम्तियाज और बसपा से रजिया खान प्रत्याशी घोषित हो चुके हैं। शनिवार को भाजपा द्वारा छह विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी गई। इस दौरान शहर सीट पर नाम घोषित नहीं किया गया। सूत्रों के अनुसार इस सीट पर विधायक संजीव राजा को चुनाव मैदान में उतारे जाने को लेकर कानूनी पेंच फंसा हुआ है। थाना बन्नादेवी क्षेत्र में मारपीट व धमकी देने के 22 साल पुराने मामले में 18 नवंबर 2021 को अलीगढ़ की एडीजे (चतुर्थ) की अदालत ने संजीव को दो साल की सजा सुनाई थी। हालांकि अधिवक्ता ने आदेश आने के बाद अदालत में जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दायर किया था। तीन साल से कम सजा होने के चलते अदालत ने जमानत अर्जी मंजूर करते हुए विधायक को रिहा कर दिया था। संजीव राजा ने इस मामले में हाईकोर्ट में स्टे के लिए अपील दायर कर रखी है। 17 जनवरी को सुनवाई होनी है।
0-दो दर्जन से ज्यादा हैं इस सीट पर दावेदार
शहर विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा दावेदारों की भरमार है। दावेदारी करने वालों में दो दर्जन से ज्यादा नाम हैं। अब देखना होगा कि हाईमान किस नाम पर मुहर लगाता है।
0-वर्जन
शहर सीट के प्रत्याशी की घोषणा सोमवार को हो सकती है। प्रत्याशी जो भी होगा। पार्टी कार्यकर्ता पूरी दमदारी के साथ चुनाव लड़ाते हुए जीत का परचम फहराएंगे।
-डा. विवेक सारस्वत, महानगर अध्यक्ष, भाजपा