आज फोन लेने अलीगढ़ पहुंचेंगे जैक, पुलिस की भनक लगते ही आरोपी फरार
अहमदाबाद में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट कंटेंट क्रिएटर जैक जीकिंग्स का फोन चोरी हो गया। पुलिस ने फोन को अलीगढ़ में बरामद किया लेकिन आरोपी फरार हो गया है। जैक सोमवार को अपना फोन वापस लेने अलीगढ़ आएंगे। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और आरोपी के गिरोह के अन्य सदस्यों को भी ढूंढने में जुटी है।

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट कंटेंट क्रिएटर जैक जीकिंग्स का फोन चोरी करके अहमदाबाद से अलीगढ़ लाने वाला आरोपी भनक लगते ही अपने ठिकाने से फरार हो गया। इसीलिए वह दुकान पर रिपेयरिंग के लिए देकर गए फोन को भी लेने नहीं आया और न ही कोई संपर्क किया। पुलिस की दो टीमें उसकी तलाश में जुटी है। उधर, जैक जीकिंग्स ने पुलिस से संपर्क करके बताया है कि वह सोमवार को अपना फोन वापस लेने के लिए अलीगढ़ आएंगे। ऑस्ट्रेलियाई इंफ्ल्यूएंसर व क्रिकेट कंटेट क्रिएटर जैक जीकिंग्स 31 मई को अहमदाबाद में आईपीएल का फाइनल मैच देखने आए थे।
वहां उनका फोन चोरी हो गया। उन्होंने रात में संबंधित थाना पुलिस को शिकायत की। 24 घंटे में चार बार एक्स पर पोस्ट डालकर राजस्थान व गुजरात पुलिस से मदद मांगी। कई बार री-पोस्ट किया, मगर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। बाद में फोन की लोकेशन रोरावर क्षेत्र में आई तो अलीगढ़ पुलिस को टैग किया। इस पर सर्विलांस प्रभारी अभिषेक गौतम की टीम ने जैक से संपर्क किया। पूरी जानकारी लेने के बाद फोन को शाहजमाल स्थित एक दुकान से फोन बरामद कर लिया गया। पता चला कि एक व्यक्ति फोन को लॉक खुलवाने के लिए दे गया है। लेकिन, उसे पुलिस की सक्रियता की भनक लगी तो वह फरार हो गया। आरोपी गैर-जनपद का रहने वाला है और यहां रोरावर क्षेत्र में आता रहता है। पुलिस उसके गिरोह के अन्य सदस्यों को भी तलाश रही है। फिलहाल जैक सोमवार को पुलिस ऑफिस में अपना फोन लेने के लिए पहुंचेंगे।-------------------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


