एएमयू कुलपति ने दी होली की शुभकामनाएं
Aligarh News - अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने होली पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे सौहार्द और एकता का पर्व बताते हुए सभी को शांति और समृद्धि की कामना की। प्रो-वाइस चांसलर प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान ने भी इस पर्व को सांस्कृतिक विरासत के मूल्यों को मजबूत करने वाला बताया।

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने होली के अवसर पर देशवासियों और विश्वविद्यालय परिवार को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। प्रो. खातून ने होली को सौहार्द, उल्लास और आपसी एकता की भावना का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व विविध पृष्ठभूमियों और परंपराओं से जुड़े लोगों के बीच एकता और पारस्परिक सम्मान के संबंधों को मजबूत करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह त्योहार सभी के जीवन में शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आएगा। साथ ही उन्होंने छात्रों और कर्मचारियों से अपील की कि वे इस पर्व को जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सांप्रदायिक सौहार्द की प्रतिबद्धता के साथ मनाएं।
प्रो-वाइस चांसलर प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान ने भी अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली जैसे पर्व समावेशिता और साझा सांस्कृतिक विरासत के मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह उत्सव विश्वविद्यालय समुदाय और समाज में नई सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव और सामूहिक प्रगति की प्रेरणा देगा। एएमयू शोधार्थी की यूएई में अंतरराष्ट्रीय नियुक्ति अलीगढ़। एएमयू के पेट्रोलियम स्टडीज में पीएच.डी. पूर्ण करने वाले मुगीज़ अहमद को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की कंपनी ओरेन स्पेशियलिटीज एफजेडसीओ में अंतरराष्ट्रीय नियुक्ति मिली है। उनका प्रारंभिक वेतन पैकेज 28 लाख रुपये प्रतिवर्ष बताया गया है। यह नियुक्ति एएमयू के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिस (जनरल) के माध्यम से हुई। विश्वविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। एएमयू एनएसएस जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया अलीगढ़। एएमयू की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा अंगदान विषय पर एक जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंगदान के जीवनरक्षक और मानवीय महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना था। कार्यक्रम में सहकुलपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान, एनएसएस समन्वयक डॉ. मोहम्मद मोहसिन खान, प्रो. मलिक शोएब अहमद, एमआईसी, बिल्डिंग विभाग तथा रोटेरियन लाल गोयल उपस्थित रहे। एएमयू शोधार्थी ने हिमालयी पक्षियों की ध्वनियों पर किया शोध अलीगढ़। वन्यजीव विज्ञान विभाग की शोधार्थी आयशा मो. मसलेहुद्दीन ने एथेंस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन “सेंटरिंग कम्युनिटीः इंटीग्रेटिव कंजर्वेशन में वर्चुअल माध्यम से विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया। जिसमें उन्होंने मध्य हिमालय क्षेत्र में पाई जाने वाली स्ट्रीक्ड लाफिंगथ्रश पक्षियों की ध्वनियों में विविधता पर आधारित अपना शोध साझा किया। यह अध्ययन पक्षियों की आवाजों के माध्यम से उनके संचार, पहचान, व्यवहार और संरक्षण से जुड़े पहलुओं को समझने पर केंद्रित था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


