हैदर और काजल की जीत में दिखा सशक्त भारत का संदेश
Aligarh News - प्रो. मो. गुलरेज़ बोले, स्वस्थ युवा ही गणतंत्र की असली ताकत, विजेताओं को गणतंत्र दिवस पर एएमयू कुलपति करेंगी सम्मानित

अलीगढ़। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी का परिसर केवल दौड़ते कदमों से नहीं, बल्कि राष्ट्रभावना, लोकतांत्रिक चेतना और स्वास्थ्य के संकल्प से गूंज उठा। रविवार को एएमयू मिनी मैराथन में बालक वर्ग के हैदर अब्बास और बालिका वर्ग की काजल चौधरी की जीत में सशक्त भारत का संदेश दिखा। मुख्य अतिथि पूर्व कुलपति प्रो. मो. गुलरेज़ ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में खेल को राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बताया। उन्होंने विशेष रूप से मतदाता दिवस और गणतंत्र दिवस के संदर्भ में कहा लोकतंत्र का भविष्य तभी सुरक्षित है, जब उसका युवा शारीरिक रूप से सक्षम, मानसिक रूप से सजग और नैतिक रूप से मजबूत हो।
लगभग सात किलोमीटर लंबी यह मिनी मैराथन यूनिवर्सिटी फुटबॉल ग्राउंड से प्रारंभ होकर कैंपस के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः वहीं संपन्न हुई। परिणामों में बालक वर्ग में एसएस हॉल नॉर्थ के हैदर अब्बास ने प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रतियोगिता पर अपना दबदबा बनाया। बालिका वर्ग में एसएन हॉल की काजल चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अब्दुल्ला हाल की वंशिका राज द्वितीय एवं आईजी हाल की यशा मज़हर तृतीय स्थान पर रहीं। विजेताओं को गणतंत्र दिवस परेड के पश्चात विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर नाईमा खातून द्वारा नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार स्वरूप प्रथम स्थान पर ₹3000, द्वितीय पर ₹2000 तथा तृतीय पर ₹1000 की धनराशि निर्धारित की गई है। इस अवसर पर प्रो यूसुफ़ उज़ ज़मा, प्रो शमीम अहमद, अनीस उर रहमान, ख़ुसरो मारूफ़, डॉ. फैसल शेरवानी, रियाज़, नावेद, हामिद, सरफ़राज़, प्रशिक्षक शहाब, प्रशिक्षक मज़हर उल कमर आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




