महिला कर्मचारी ने लगाया यौन शोषण व ब्लैकमेलिंग का आरोप
Aligarh News - हरदुआगंज में एक महिला कर्मचारी ने कार सर्विस सेंटर के मालिक और सहकर्मियों पर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि शिवरात्रि के दिन प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया गया और उसके साथ गलत काम किया गया। पुलिस जांच में जुटी है।

हरदुआगंज, संवाददाता। थाना क्षेत्र की एक कार सर्विस सेन्टर में काम करने वाली महिला कर्मचारी ने सर्विस सेंटर के मालिक समेत कई अन्य सहकर्मियों पर यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए मंगलवार दोपहर थाने में तहरीर दी है । आरोप है कि शिवरात्रि के दिन प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया, बेहोशी की हालत में गलत काम किया। क्षेत्राधिकारी अतरौली मामले की जांच पड़ताल में जुटे हैं। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि सितंबर 2025 से वह कार सर्विस सेंटर पर नौकरी कर रही थी, इस दौरान कई बार एचआर हेड ने जबरन शराब पार्टी में शामिल होने का दबाव बनाया, लेकिन उसने मना कर दिया।
आरोप है कि शिवरात्रि के दिन ऑफिस में प्रसाद बताकर एचआर हेड ने दो अन्य महिला सहकर्मियों संग मिलकर उसे लस्सी पिला दी, तब मालिक भी मौजूद थे। कुछ देर बाद अचानक उल्टी होने लगी और वह बेहोश हो गई। पीड़िता का आरोप है कि गलत नीयत से प्रसाद में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, शाम 6 बजे अर्ध बेहोशी की हालत में ऑफिस की एक लड़की और चाय बनाने वाले ने ई रिक्शा से उसे घर छोड़ा था। कुछ दिन बाद वह काम पर गई तो एच आर हेड ने गाली-गलौज कर नौकरी पर आने से मना कर दिया और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जिसको लेकर ब्लैकमेल किया जा रहा है। महिला ने बेहोशी के दौरान अपने साथ यौन उत्पीड़न अथवा अश्लील कृत्य होने की आशंका जताते हुए ऑफिस परिसर व केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग निकलवाकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में सर्विस सेंटर स्वामी का कहना है कि उसका इस मामले से कोई लेना देना नहीं है, महिला कर्मियों के बीच आपसी कलह हुई है, जिससे उनका कोई सरोकार नहीं है, पुलिस जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


