
एसआईआर : नाश्ता, खाना छोड़कर गणना प्रपत्र भरवा रहे बीएलओ
Aligarh News - 12 घंटे की ड्यूटी कर सारे वोटरों के घर तक पहुंच रहे, कुछ बीएलओ स्कूल जाने के बाद आ रहे हैं ड्यूटी पर
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) पूरा करने की अंतिम तिथि नजदीक आने से बीएलओ दिन-रात इसी कार्य में जुटे हुए हैं। नाश्ता, खाना छोड़कर बीएलओ गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं। 12 घंटे की ड्यूटी कर सभी वोटरों के घरों पर पहुंच रहे हैं। कई जगह बीएलओ को वोटरों द्वारा फार्म नहीं भरे जाने पर निराशा हाथ लग रही है। जिले में 22 साल के बाद शुरू हुए मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। मतदाताओं का भरपूर साथ नहीं मिल रहा है। मतदाता गणना प्रपत्र को ठीक से नहीं भर रहे हैं।
वर्ष 2003 में परिवार में कौन-कौन मतदाता था। उनके नाम का उल्लेख नहीं कर रहे हैं। यहां तक फोटो लगाने से लेकर हस्ताक्षर भी नहीं कर रहे हैं। पूर्व में किस बूथ के मतदाता थे, इसका भी जिक्र नहीं कर रहे हैं। इससे 40 प्रतिशत बीएलओ की परेशानी बढ़ गई है। गणना प्रपत्र अधूरे लौटाने की शिकायत बीएलओ ने प्रशासनिक अधिकारियों से की है। निर्वाचन आयोग के आदेश पर चार नवंबर से चार दिसंबर तक मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। सभी मतदाताओं को एक पेज का गणना प्रपत्र दिया जा रहा है। इसमें फोटो के साथ ही सभी आवश्यक जानकारी भरना जरूरी है। इस कार्य के लिए तीन हजार से अधिक बीएलओ को लगाया गया है। बीएलओ की निगरानी के लिए सुपरवाइजर भी लगे हुए हैं। हर दिन छह से आठ बैठकें हो रही हैं। बीएलओ से फीडबैक लेकर अभियान को तेज किया जा रहा है। डीएम सहित अन्य अधिकारियों द्वारा मतदाताओं और बीएलओ से बात की जा रही है। बीएलओ इस बात से परेशान हैं कि गणना प्रपत्र को ठीक तरीके से नहीं भरा जा रहा है। ऐसे लोग जो वर्ष 2003 में मतदाता नहीं थे या फिर 2003 से लेकर 2025 के मध्य अलीगढ़ में आकर बसे हैं। ऐसे मतदाताओं को इस बात का डर है कि सूची में उनका नाम नहीं जुड़ेगा। इसी के चलते वह लोग पूरा ब्योरा नहीं दे रहे हैं। यहां तक हस्ताक्षर के बदले अंगूठा लगा रहे हैं। 0-प्रशासन ने की अपील, मतदाता जल्द से फार्म भरकर दें जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम संजीव रंजन ने जनपदवासियों से अपील की है कि जल्द से जल्द एसआईआर फार्म भरकर दें। ताकि एसआईआर का कार्य पूरा किया जा सके। 0-47 प्रतिशत हुई जिले की प्रगति जिले में एसआईआर की प्रगति गुरूवार की शाम तक 47 प्रतिशत हो सकी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन पंकज कुमार ने बताया कि सॉफ्टवेयर में कमी आने के चलते दिन में कार्य प्रभावित रहा। 0-सर, अब्बू ने हर वार वोट डाला, बीएलओ ने फार्म नहीं दिया सर, अब्बू की उम्र 80 साल है। आजादी के बाद से जितने भी लोकसभा, विधानसभा चुनाव हुए, सभी में वोट डाला। अब बीएलओ ने फार्म नहीं दिया है। कह रहे हैं कि सूची में नाम नहीं है। इस तरह के मामले प्रतिदिन प्रशासन के पास पहुंच रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




