पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने को आज से उर्दू पुस्तक मेला
Aligarh News - - देश भर के प्रकाशक उर्दू पुस्तक मेले में करेंगे प्रतिभाग, एएमयू के कल्चरल सेंटर में लगेगा उर्दू पुस्तक मेला
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। एएमयू कल्चरल एजुकेशन सेंटर में शनिवार से पुस्तक मेले का आयोजन होने जा रहा है। अलीगढ़ उर्दू पुस्तक मेला के उद्घाटन से पूर्व एनसीपीयूएल के निदेशक डॉ. मोहम्मद शम्स इक़बाल ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर मेले की प्रमुख जानकारी दी। डॉ. इक़बाल ने कहा कि यह पुस्तक मेला नई पीढ़ी में बुक कल्चर को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि मेले का उद्घाटन एएमयू की कुलपति प्रो. नाइमा खातून द्वारा किया जाएगा। मुख्य अतिथियों में पद्मश्री प्रो. सैयद ज़िलुर रहमान और एएमयू के रजिस्ट्रार प्रो. आसिम ज़फ़र शामिल होंगे। उद्घाटन सत्र में प्रसिद्ध लेखक और फिक्शनकार जनाब सैयद मोहम्मद अशरफ़ मुख्य व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे, जबकि प्रो. शाफ़े किदवई भी अपने विचार व्यक्त करेंगे।
देश के विभिन्न राज्यों गुजरात, तेलंगाना, महाराष्ट्र, कश्मीर, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से आए लगभग पचास प्रकाशक इस मेले में हिस्सा लेंगे। पुस्तक प्रदर्शनी के साथ अनेक साहित्यिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें लेखक से मुलाकात, दास्तानगोई, शाम-ए-ग़ज़ल, तरही मुशायरा, बच्चों के कार्यक्रम और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल होंगी। सर सैयद अकादमी के निदेशक प्रो. शाफ़े किदवई ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह मेला उर्दू पुस्तकों की पहुंच को और व्यापक बनाएगा। कल्चरल एजुकेशन सेंटर के समन्वयक प्रो. मोहम्मद नवेद खान ने कहा कि साहित्य और संस्कृति एक-दूसरे के पूरक हैं और मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम इसी संबंध को दर्शाते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




