सड़क पर अवैध पार्किंग की अनुमति किसने दी ?
Aligarh News - -शहर के व्यस्ततम चौराहे सेंटर प्वाइंट पर दुकानों के सामने लगा रहता है वाहनों का जमावड़ा, मिठाई कारोबारी की कार खींचने पर हंगामा, समद रोड पर विकास स्वीट

अलीगढ़। हिन्दुस्तान संवाद शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले सेंटर प्वाइंट चौराहे पर मंगलवार को अवैध पार्किंग के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ। ट्रैफिक पुलिस द्वारा नो-पार्किंग जोन में खड़ी एक कार को क्रेन से उठाए जाने पर मिठाई कारोबारी और उनके समर्थक सड़क पर उतर आए और पुलिस से तीखी बहस शुरू कर दी। बाद में ट्रैफिक इंस्पेक्टर के आने पर दोनों पक्षों में सुलह हो गई।
यह था पूरा मामला
मिठाई कारोबारी सुरेश बढ़ेरा की समद रोड स्थित विकास स्वीट सेंटर के नाम से दुकान है। मंगलवार दोपहर उनकी कार अवैध रूप से सड़क किनारे खड़ी थी। सेंटर प्वाइंट क्षेत्र में पहले से ही भारी वाहनों की भीड़ और जाम की समस्या बनी रहती है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस की टीम नियमित गश्त के दौरान वहां पहुंची और नो-पार्किंग का उल्लंघन पाए जाने पर कार को क्रेन से उठाने की कार्रवाई शुरू कर दी। यह देख कारोबारी सुरेश बढेरा और उनके समर्थक आ गए। उन्होंने क्रेन रोकने की कोशिश की और पुलिसकर्मियों से कहा कि यहां रोजाना गाड़ियां खड़ी होती हैं, उनकी ही कार क्यों उठाई जा रही है। देखते ही देखते समर्थकों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस से तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक समद रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। कार उठाने का विरोध करते हुए ट्रैफिक सिपाही पर भड़क गए। व्यापारियों का गुस्सा देख कुछ देर के लिए सिपाही सहम गया। इसी बीच अपने उच्चाधिकारियों को फोन पर सूचना दे दी। दोनों पक्षों में तड़का-तड़की हो गई। हंगामा होने लगा। तभी ट्रैफिक इंस्पेक्टर वहां पहंुच गए। उन्होंने आक्रोशित व्यापारियों से वार्ता की और समझा बुझाकर शांत करा दिया। कारोबारी के चालक ने कार को सड़क से हटा लिया। तब जाकर मामला शांत हो सका।
स्थानीय लोग भी नाराज
घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने भी ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि सेंटर प्वाइंट पर रोजाना दुकानों के सामने दोपहिया और चारपहिया वाहनों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे पैदल चलने वालों को परेशानी होती है और कई बार एंबुलेंस तक फंस जाती है। सवाल यह भी उठ रहा है कि जब नो-पार्किंग जोन है तो फिर अवैध पार्किंग की अनुमति किसने दी और अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई।
वर्जन
दुकान के पास कार खड़ी थी। ट्रैफिक कर्मी कार को खींचकर ले जा रहे थे। जबकि चालक कार को हटा रहा था। बाद में अधिकारियों के आने पर वह मान गए। विवाद जैसी कोई बात नहीं हैं।
-सुरेश बढ़ेरा,मिठाई कारोबारी
आगे क्या?
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब सेंटर प्वाइंट क्षेत्र में अवैध पार्किंग पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ वाहन भी सीज किए जाएंगे। पुलिस ने दुकानदारों से अपील की है कि वे ग्राहकों को सड़क पर वाहन न खड़ा करने दें और तय पार्किंग स्थल का ही उपयोग करें।
पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


