जबरन रंग न लगाएं, ऐसा कृत्य न करें, जिससे सौहार्द बिगड़े : एसएसपी
Aligarh News - - एसएसपी ने कहा, शराब पीकर वाहन चलाया तो मुकदमा दर्ज होने के साथ वाहन भी सीज होगा

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। एसएसपी नीरज जादौन ने जिलावासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अलीगढ़ पुलिस की ओर से कुछ अपील भी की हैं। उन्होंने कहा है कि होली आपसी सौहार्द का त्योहार है। इसे खुशी से मनाएं। जबरन किसी को रंग न लगाएं। ऐसा कोई कृत्य न करें, जिससे सौहार्द में आंच आए या किसी की भावनाएं आहत हों। एसएसपी ने कहा कि अक्सर देखने को मिलता है कि लोग शराब पीकर वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। ऐसे में शराब पीकर वाहन न चलाएं। ऐसा करते पाए गए तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही वाहन को भी सीज किया जाएगा।
इसके अलावा डीजे संचालकों को नोटिस दिए गए हैं। इसमें कहा है कि वे डीजे पर कोई भी आपत्तिजनक व अश्लील गाना न चलाएं, जिससे कोई विवाद पैदा हो। अगर ऐसा हुआ तो विवाद में शामिल व्यक्ति के साथ डीजे संचालक पर भी कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर फूहड़ता व अश्लीलता न करें। एक-दूसरे का सम्मान करें और स्वस्थ तरीके से होली मनाएं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


