बारहद्वारी शॉपिंग कंपलेक्स की दुकानों के किराए में 20 फीसदी की कटौती
Aligarh News - स्मार्ट सिटी की 42वीं बोर्ड बैठक में मुख्यमंत्री से प्रोजेक्ट के लोकार्पण पर चर्चा की गई, प्रोजेक्ट के उद्घघाटन तक स्मार्ट सिटी को संचालित किया जाएगा,

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। स्मार्ट सिटी लिमिटेड की शुक्रवार को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में 42वीं बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें बारहद्वारी पर निर्मित 104 दुकानों के किराए में बोर्ड ने 20 फीसदी कटौती करने का फैसला लिया। स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट का मुख्यमंत्री से उद्घघाटन कराए जाने पर भी बोर्ड में चर्चा की गई। नौरंगीलाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स को लेकर मंडलायुक्त ने पूर्व में सीएम को अवगत कराया है। सीएम कार्यालय से भी इसके लिए समय मांगा जा रहा है। स्मार्ट सिटी की 42वीं बोर्ड बैठक में तय किया गया कि बारहद्वारी शॉपिंग कंपलेक्स व मल्टी लेवल कार पार्किंग की सौगात जल्द शहर को मिलेगी।
बारहद्वारी शॉपिंग कंपलेक्स में 104 दुकानों का निर्माण कराया गया है। ए, बी, सी व डी चार श्रेणी में दुकानों को विभाजित किया गया है। 20 लाख से लेकर 32 लाख तक किराया पूर्व में तय किया गया था। लेकिन शुक्रवार को हुई स्मार्ट सिटी की बोर्ड बैठक में किराए में 20 फीसदी की कटौती कर दी गई है। दुकानों के लिए आवेदन करने वालों को 20 फीसदी किराए में रियायत दी जाएगी। जिससे ये व्यावसायिक इकाइयां आम जनता और स्थानीय व्यापारियों के लिए अधिक किफायती और सुलभ हो जाएंगी। यह निर्णय न केवल व्यापारियों को राहत प्रदान करेगा, बल्कि अलीगढ़ की आर्थिक प्रगति में भी मील का पत्थर साबित होगा। दरों में लगभग 20% की इस भारी रियायत से शहर के मध्यम और लघु उद्यमियों को आधुनिक व्यावसायिक परिसर में स्थान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। 15 अप्रैल तक सभी काम बारहद्वारी कांप्लेक्स के पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्राउंड फ्लोर पर 55 और फर्स्ट फ्लोर पर 49 दुकानें तैयार की जा रही हैं।स्पोर्ट्स स्टेडियम का सीएम से उद्घघाटन कराने की तैयारीबोर्ड बैठक में नौरंगी लाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को जल्द से जल्द मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उद्घाटन कराने पर भी चर्चा की गई। इसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से समय मांगा जा रहा है। पूर्व में मंडलायुक्त संगीता सिंह ने सीएम को अवगत भी कराया था। मुख्यमंत्री कार्यालय से समय मिलने के बाद उद्घघाटन कराया जाएगा। नौरंगीलाल का स्पोर्ट्स कांप्लेक्स पूरी तरह से बनकर तैयार है। सीएम आएंगे तो अलीगढ़ के कुछ अन्य प्रोजेक्ट का भी उद्घघाटन करेंगे। अभी सूतमिल से नादापुल की सड़क और जल निकासी को लेकर प्रोजेक्ट स्मार्ट सिटी का चल रहा है। स्मार्ट सिटी को बंद किए जाने के मुद्दे पर अगली बोर्ड बैठक में निर्णय लिया जाएगा। प्रोजेक्ट हैंडओवर व पूरा होने तक संचालक यथावत रहेगा। बोर्ड बैठक में मंडलायुक्त संगीता सिंह, डीएम संजीव रंजन, सीईओ एवं नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, एडीए वीसी कुलदीप मीणा, मोनिका गुप्ता कंपनी सचिव मौजूद रहीं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


