सफाई कर्मचारी नेताओं की वार्ता विफल, आज से ठप करेंगे सफाई व्यवस्था
Aligarh News - अलीगढ़ में सफाई कर्मचारी नेताओं की नगर आयुक्त के साथ वार्ता विफल रही। उन्होंने निजीकरण के खिलाफ हड़ताल की घोषणा की है, जिसके तहत सफाई व्यवस्था सोमवार से ठप रहेगी। नेताओं का कहना है कि निजी कंपनी सुकमा...

फोटो.. -धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी नेताओं की नगर आयुक्त के साथ हुई वार्ता
-सफाई कर्मचारी नेता सुकमा कंपनी का टेंडर निरस्त करने की मांग पर अड़े
-वार्ता के बाद आज से सफाई व्यवस्था बंद करने की सफाई कर्मचारी नेताओं की घोषणा
-मोहल्ले में जाकर सफाई कर्मचारियों को हड़ताल में शामिल होने की कर रहे अपील
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता
निजीकरण को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे सफाई कर्मचारी नेताओं की रविवार को नगर आयुक्त व अपर नगर आयुक्त के साथ वार्ता हुई। लेकिन वार्ता विफल रही। वार्ता से लौटे सफाई कर्मचारी नेताओं ने सोमवार से सफाई व्यवस्था ठप करने की घोषणा की। कहा कि सोमवार से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। सफाई कर्मचारियों को हड़ताल में शामिल करने के लिए मोहल्लों में मुनादी कराई जा रही है और शामिल होने की अपील की जा रही है। वहीं नगर आयुक्त ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था गड़बड़ नहीं होने दी जाएगी। अर्बन व नगर निगम के कर्मचारी काम करेंगे। वैकल्पिक व्यवस्था तैयार कर ली गई है।
नगर निगम दो जोन की सफाई व्यवस्था को निजी कंपनी को दे रहा है। गुड़गांव की कंपनी सुकमा को टेंडर दिया गया है। इसी को लेकर नगर सफाई मजदूर संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप भंडारी, सुनील टुंडा, बिल्लू चौहान समेत अन्य नेता विरोध कर रहे हैं। सफाई कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि निजीकरण से सफाई कर्मचारियों का शोषण होगा। वाल्मीकि समाज को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है। नगर निगम के अफसर मनमानी कर रहे हैं। कंपनी के सुपरवाइजर निगरानी करेंगे। दो जोनों में कंपनी के कर्मचारी ही काम करेंगे। जबकि नगर सफाई मजदूर संघ के वर्तमान अध्यक्ष राजकुमार खन्ना व महामंत्री राधे लाल धूरी नगर निगम की नई व्यवस्था का समर्थन कर रहे हैं और वह हड़ताल में शामिल नहीं हैं।
रविवार की दोपहर नगर आयुक्त ने वार्ता के लिए बुलाया
-रविवार की दोपहर नगर आयुक्त विनोद कुमार, अपर नगर आयुक्त राकेश यादव के साथ सफाई कर्मचारी नेता प्रदीप भंडारी व सुनील टुंडा के साथ नगर निगम सेवाभवन में वार्ता हुई। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टेंडर कंपनी का निरस्त नहीं होगा। शासनादेश के अनुसार काम किया जा रहा है। जोन दो व चार में सुकमा एंटरप्राइज कंपनी वर्तमान ठेका सफाई कर्मचारी को कंपनी अपने सुपरवाइजर द्वारा ही देखरेख कराएगी। जोन दो व चार के स्थाई व संविदा सफाई कर्मचारियों को दूसरे जोनों में भेजा जाएगा। 45 वार्ड में कार्यरत संविदा, स्थाई कर्मचारी काम नहीं करेंगे। सफाई कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकाला जाएगा। जो मानदेय पूर्व में मिल रहा था उसी के अनुसार मानदेय मिलेगा। लेकिन इन शर्तों पर सफाई कर्मचारी संघ के नेता संतुष्ट नहीं हुए। बाहर आकर हड़ताल की घोषणा कर दी। नगर सफाई मजदूर संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप भंडारी ने बताया कि हमारी कोई मांग नगर निगम ने नहीं मानी है। सोमवार से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। अर्बन एनवाइरोटेक के कर्मचारी भी शामिल होंगे। हड़ताल सफल बनाने के लिए मोहल्ले पत्र बांटे गए और लाउडस्पीकर से 5050 लोगों की टोली वाल्मीकि बस्तियों में प्रचार कर रही है। इस मौके पर राधेश्याम केला, आनंद शास्त्री, बिल्लू चौहान, महेंद्र राठौर, शिवम टुंडा, रजत टुंडा, राजू, मंगल चौहान, राजीव चौहान, विमल, प्रेम, दीपक मौजदू रहे।
क्या चुनाव को लेकर हो रही राजनीति ?
-नगर सफाई मजदूर संघ का मार्च में चुनाव होना है। सूत्रों की मानें निजीकरण का विरोध व हड़ताल आगामी चुनाव के मद्देनजर है। सूत्रों की मानें तो वार्ता के दौरान सहमति बन गई थी। विरोध करने वालों की ओर से प्रस्ताव रखा गया कि नई व्यवस्था को तीन माह बाद लागू किया जाए। जबकि निजी एजेंसी को एक जनवरी से शहर में काम संभालना है। वहीं नगर सफाई मजदूर संघ के वर्तमान अध्यक्ष व महामंत्री नगर निगम का समर्थन कर रहे हैं। केवल पूर्व वाले ही विरोध में हैं।
बोले अधिकारी
शहर के दो जोन की सफाई व्यवस्था शासनादेश व नियम के तहत एजेंसी से कराने का निर्णय लिया गया है। सफाई कर्मचारी संघ के नेता अनावश्यक विरोध कर रहे हैं। इनकी सभी मांगों को मान लिया गया है। इसके बाद भी हड़ताल की घोषणा की है। शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ने नहीं दी जाएगी। अर्बन एनवाइरोटेक के साथ नगर निगम के कर्मचारी काम करेंगे। नगर निगम के पास वैकल्पिक व्यवस्था मौजूद है। विनोद कुमार, नगर आयुक्त अलीगढ़।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।