मामू भांजा में बिजली के तारों में भड़की आग, आपूर्ति ठप
- जर्जर तार और अवैध जंपर बने हादसे का कारण, नगला तिकोना में ट्रांसफार्मर में फॉल्ट से बिजली गुल

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। गली-मोहल्लों में लटक रहे जर्जर तार हादसों का सबब बन रहे हैं। मामू भांजा क्षेत्र की कुम्हार वाली गली में रविवार को सुबह सात बजे बिजली के तारों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि स्थानीय लोग दहशत में आ गए। बिजली सप्लाई बंद कराकर दमकल ने आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों के अनुसार, गली में कई केबल एक साथ झुंड में गुजर रही थीं। जगह-जगह कट लगे होने के कारण लोग जंपर डालकर बिजली जला रहे थे। इसी अव्यवस्था के चलते अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने तुरंत सप्लाई बंद कर दी। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि इस दौरान कई केबल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं, जिससे घरों तक जाने वाले कनेक्शन भी प्रभावित हुए। क्षेत्र के देवेंद्र, नरेंद्र, योगेश आदि ने गली की लाइन बदलने के साथ एलटी डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स लगाने की मांग की है। विभागीय अधिकारियों ने जल्द ही बंच केबल डालने का आश्वासन दिया है। इधर, नगला तिकोना में ट्रांसफार्मर में फॉल्ट से दो घंटे बिजली गुल रही। बारहद्वारी बिजलीघर से जुड़े एक फेस पर वोल्टेज घट-बढ़ने की समस्या रही। शक्ति नगर, नगला मसानी, अशोक विहार, नवीन नगर, देव नगर, खैर बाईपास और खेरेश्वर फीडर से जुड़े क्षेत्रों में सुबह से ही बिजली गुल रही। जलालपुर डी सेंटर और नीवरी फीडर से जुड़े उपभोक्ताओं ने भी शिकायत की है कि सुबह सात बजे से सप्लाई बाधित है। वहीं, लाल ताल और किला रोड की 33 केवी लाइन पर पेड़ों की छंटाई के चलते घंटेभर कटौती रही।


