145 वर्ष पुरानी अलीगढ़ नुमाइश का आज से आगाज

Jan 16, 2026 01:25 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अलीगढ़
share Share
Follow Us on

Aligarh News - 1894 में एएमयू संस्थापक सरसैय्यद ने किया था नाटक का मंचन, मोहम्मडन एंग्लो ओरिएंटल कॉलेज के लिए फंड इकट्ठा किया था

145 वर्ष पुरानी अलीगढ़ नुमाइश का आज से आगाज

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। 1880 में अश्व प्रदर्शनी के रूप में शुरू हुई 145 वर्ष पुरानी अलीगढ़ नुमाइश का आगाज आज यानि शुक्रवार से होने जा रहा है। जहां गंगा-जमुनी तहज़ीब, लोककला, कृषि-उद्योग, शहर–गांव, परंपरा–आधुनिकता व विविधता–एकता एक साथ इस नुमाइश में देखने को मिलेंगे। कश्मीर से कन्याकुमारी तक के उत्पाद, व्यंजन भी दिखेंगे। 29 दिन तक चलने वाली इस नुमाइश में विविधता के कई रंग दिखेंगे। 13 फरवरी को नुमाइश का समापन होगा। 1880 में तत्कालीन कलेक्टर एचजी क्रॉफ्ट ने पशु नस्ल सुधार और घुड़सवारी को बढ़ावा देने के लिए इसे 'क्रॉफ्ट मेले' के रूप में शुरू किया था। आज यह क्राफ्ट मेला अलीगढ़ महोत्सव का रूप ले चुका है।

एएमयू के संस्थापक सर सैयद अहमद खान ने इसे शिक्षा और समाज सुधार का जरिया बनाया था। उन्होंने शिक्षा कोष जुटाने के लिए यहाँ सांस्कृतिक नाटकों की नींव रखी। एएमयू के इतिहास के मामलों के जानकार डॉ. राहत अबरार कहते हैं, दस्तावेजों में जिक्र मिलता है कि 6 फरवरी 1894 को सर सैयद अहमद ने अपने साथियों के साथ नाटक का मंचन किया था, जो समाज में जागरूकता फैलाने और शिक्षा के प्रति बढ़ावा देने पर केंद्रित था। दस्तावेज में इस बात का भी जिक्र है कि सर सैयद के मित्रों ने नाट्य मंचन को लेकर अपनी-अपनी आशंकाएं भी जाहिर की थीं। एक जगह लिखा है, ‘लोग हमें थिएटर वाला कहकर हमारा मजाक उड़ाएंगे, जो हमारे विरोधी अखबार वाले हैं, वह हमारी हंसी उड़ाएंगे। सर सैयद कहते हैं, अगर मैं लोगों का ख्याल करता तो अब तक जो कुछ कर पाया हूं, वह भी न कर पाता। जो बकते हैं, उनको बकवास करने दो। इस नाटक के मंचन को देखने तत्कालीन कलेक्टर मिस्टर कैनेडी और उस समय के सिविल सर्जन डॉक्टर वोरियार्टी भी शामिल हुए। इसके अलावा उस समय ईरान से आए पर्यटक आगा कमालउद्दीन संजर और अफगानिस्तान से आए पर्यटक आगा मोहम्मद हुसैन भी नाटक में शामिल हुए। 0-दोपहर दो बजे प्रभारी मंत्री करेंगे उद्घाटन अलीगढ़ नुमाइश का उद्घाटन शुक्रवार दोपहर दो बजे होगा। मुख्य अतिथि के रूप में गन्ना चीनी मिल व प्रभारी मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण व अति विशिष्ट अतिथि के रूप में संदीप सिंह शामिल होंगे। इसके अलावा विशिष्ट अतिथिगणों में सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। प्रभारी मंत्री परंपरागत तरीके से मित्तलगेट पर फीता काटकर कबूतर उड़ाएंगे। इसके बाद उद्योग व कृषि कक्ष का उद्घाटन करेंगे। गांधीचौक पर बापू की प्रतिमा पर मार्ल्यापण, दरबार हॉल में ध्वजारोहण कर कृष्णांजिल पहुंचंगे। यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच नुमाइश का उद्घाटन होगा। 0-पूजा-अर्चना से हुआ नुमाइश का शुभारंभ अलीगढ़। सांस्कृतिक विरासत और गंगा-जमुनी तहजीब की जीवंत पहचान राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (अलीगढ़ महोत्सव/नुमाइश) के भव्य एवं सफल आयोजन की कामना के साथ गुरुवार को दरबार हाल स्थित प्राचीन मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूजन कार्यक्रम में डीएम संजीव रंजन, सीडीओ योगेन्द्र सिंह, एसडीएम कोल महिमा राजपूत, अर्पित, कन्हैया वार्ष्णेय, मुन्ना बंसल, हरीबाब गौतम, राकेश सक्सेना, पंकज धीरज, सुरेन्द्र शर्मा आदि मौजूद थे। 0-उद्योग मंडप में दिखेगा मेक इन इंडिया का जलवा नुमाइश के उद्योग मंडप में मेक इन इंडिया का संदेश देने के लिए ब्रास का बना शेर व ताले का मॉडल रखा गया है। इस पूरे परिसर में उद्योग से जुड़े स्टाल लगेंगे। यहां जिला उद्योग केन्द्र द्वारा प्रदेश सरकार की उद्योगों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। 0-शिल्पग्राम में शिल्पकारों की दिखेगी कलाकृतियां देश-प्रदेश से आए शिल्पकारों की कलाकृतियां, हथकरघा, काष्ठकला, धातुकर्म व लोक-उत्पाद शिल्पग्राम में मिलेंगे। यह उत्पाद केवल बिकते नहीं, बल्कि अपनी कहानी कहते हैं। 0-यह हैं प्रमुख कार्यक्रम 28 जनवरी, राक बैंड, परिक्रमा बैंड 01 फरवरी, मधंवुती नाइट 02 फरवरी, पंजाबी नाइट, मीका सिंह 04 फरवरी, स्टैंड अप कामेडी, रवि गुप्ता 06 फरवरी, गजट नाइट, कुमार सत्यम 07 फरवरी, सूफी नाइट, लखविंदर बड़ाली 12 फरवरी भक्ति गीमासें की शाम, हंसराज रघुवंशी

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;