Hindi NewsUttar-pradesh NewsAligarh NewsAligarh Muslim University Student Attacked Police Register Case Against Five Minors
एएमयू छात्र पर हमले में पांच के खिलाफ मुकदमा, दो बाल अपचारी दबोचे

एएमयू छात्र पर हमले में पांच के खिलाफ मुकदमा, दो बाल अपचारी दबोचे

संक्षेप: Aligarh News - अमुवि के अल्लामा इकबाल हॉल में हुई थी घटना, मुकदमे में सभी नामजद नाबालिग, सीसीटीवी कैमरे में घटनाक्रम हुआ कैद

Mon, 27 Oct 2025 08:00 PMNewswrap हिन्दुस्तान, अलीगढ़
share Share
Follow Us on

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में छात्र पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सभी नाबालिग हैं। इनमें दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है। पिसावा क्षेत्र के जलालपुर निवासी प्रशांत राठी पुत्र अजीत सिंह वर्तमान में अनूपशहर रोड स्थित पुरानी चुंगी पर रहते हैं। सिटी स्कूल से हाईस्कूल की पढ़ाई कर रहे हैं। रविवार को वे अपने घर से अल्लामा इकबाल हॉल (एएमयू) में अपने दोस्त मो. उजैफ जहीर से मिलने गए थे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

उसी समय चार पांच लड़के आए और प्रशांत के साथ मारपीट की। आरोप है कि पिस्टल लगा दी। इसके बाद बाइक से गिरा दिया। फिर सभी ने मिलकर मारपीट की। एक आरोपी ने पिस्टल की बट से सिर पर प्रहार किया, जिससे गंभीर चोट आई। उसके साथ चार नामजद व कुछ अज्ञात लड़के थे। सूचना पर पुलिस व प्रॉक्टोरियल टीम मौके पर पहुंची और छात्र को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरी परीक्षण के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर हमले समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच से सामने आया है कि स्कूल के दो छात्र गुटों के बीच पूर्व में विवाद हुआ था। उसी के चलते एक गुट ने घटना की है। अन्य किसी कारण का होना नहीं पाया गया है। फिर भी सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। दो नामजदों को गिरफ्तार करके किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया है। इनमें एक गाजीपुर, जबकि दूसरा सिविल लाइन क्षेत्र का ही रहने वाला है। अन्य की तलाश की जा रही है। पूर्व में भी टशनबाजी में हुआ था दोनों गुटों में विवाद : घटना के बाद छात्र प्रशांत ने आरोप लगाया था कि मारपीट से पहले आरोपियों ने उस पर कलमा पढ़ने का दबाव बनाया था। लेकिन, तहरीर में उसने इसका जिक्र नहीं किया। वहीं पुलिस की जांच में आरोप सही नहीं पाए गए हैं। पुलिस के अनुसार एक गुट प्रतापगढ़ व दूसरा बिहार का है। कुछ दिन पहले भी टशनबाजी में दोनों गुटों में विवाद हुआ था। उसी क्रम में प्रतापगढ़ी वाले गुट ने मारपीट की है। सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट हुआ कि प्रशांत अपने साथी से मिलने गया था, तभी स्कूटी पर आए आरोपियों ने मारपीट की और फरार हो गए। घटनाक्रम कुछ सेकेंडों का ही है।