वेंडरों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट करना नगर निगम के लिए होगी चुनौती
Aligarh News - रामघाट रोड पर क्वार्सी, कमिश्नरी, पराग डेयरी के पास ही वेंडिंग जोन, आईटीआई रोड का वेंडिंग जोन अभी तक पड़ा है खाली, नहीं गए दुकानदार

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने का खाका तैयार किया है। सीएम ग्रिड की सात सड़कों से अतिक्रमण हटाने की कार्ययोजना तैयार हो चुकी है। दुकानदारों व वेंडरों को नोटिस दिया जा रहा है। क्वार्सी से लेकर मीनाक्षीपुल तक करीब 500 से अधिक वेंडर रेहड़ी पटरी लगाकर जीविकोपार्जन कर रहे हैं। ऐसे में नगर निगम के सामने वेंडरों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट कर पाना बड़ी चुनौती होगी। रामघाट रोड पर पराग डेयरी, स्टेडियम व कमिश्नरी के पास तीन वेंडिंग जोन बनाए गए हैं। लेकिन उक्त वेंडिंग जोन में इतने वेंडर नहीं आ पाएंगे। नगर निगम इस पर अतिक्रमण हटाने में विधिक कार्रवाई कर रहा है। नियमानुसार दो नोटिस और फिर इसके बाद मुनादी कराई जाएगी। मुनादी के बाद नगर निगम सामान जब्त करने का काम करेगा। पूरे महानगर में नगर निगम ने 28 वेंडिंग जोन बनाए हैं। जिसमें अधिकांश वेंडिंग जोनों में दुकानें लग रही हैं। कुछ वेंडिंग जोन खाली पड़े हैं। लेकिन बड़ा सवाल है कि रामघाट रोड के वेंडरों को तीन वेंडिंग जोन में कैसे समाहित किया जाएगा। स्वर्णजयंती नगर रमेश विहार वाली रोड पर वेंडिंग जोन बनाया गया है, लेकिन जब स्वर्णजयंती नगर का अतिक्रमण हटेगा तो वहां के वेंडरों को रमेश विहार में शिफ्ट किया जाएगा। स्वर्णजयंती नगर की सड़क भी सीएम ग्रिड में शामिल है。
सबसे अधिक दबाव रामघाट रोड पर
वेंडरों का सबसे अधिक दबाव रामघाट रोड पर ही है। रामघाट रोड शहर की लाइफ लाइन है। यहां पर फल, सब्जी, टिक्की, गोलगप्पे, कुल्चे, समोसे, जूस, मोची, कचौड़ी, छोले-भटूरे, चाय स्टॉल समेत अन्य कटेगरी के वेंडर यहां पर हैं। शहर की प्रमुख रोड है। यहां से लोगों का आवागमन अधिक रहता है। यही कारण है कि फास्ट फूड से लेकर फल बेचने वाले व अन्य तरह के कारोबार करने वाले वेंडर यहां पर ठेल ढकेल लगाते हैं। लेकिन चुनौती यह होगी कि इतनी बड़ी संख्या में वेंडरों को कैसे शिफ्ट किया जाएगा। रामघाट रोड के वेंडर दूसरे स्थान पर जाने के लिए तैयार नहीं हैं। नगर निगम की ओर से बनाए गए एक वेंडिंग जोन में 50 से 60 दुकान लग सकती है। उसमें किराया देना होगा।
बोले अधिकारी
सड़क किनारे से वेंडरों को हटना होगा। जिस स्थान पर वेंडरों की संख्या अधिक होगी वहां पर नया वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। लेकिन अब सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा। इसकी विधिक प्रक्रिया के तहत शुरूआत की गई है। प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


