सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर सुखमा कंपनी पर दो लाख व अर्बन कंपनी पर पांच लाख का जुर्माना
Aligarh News - लापरवाही सुखमा सुपरवाइजर पर पड़ी भारी, तत्काल सेवा से हटाने के कंपनी को दिए निर्देश
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर शुक्रवार को नगरायुक्त का पारा चढ़ गया। तत्काल सुखमा कंपनी पर दो लाख व अर्बन कंपनी पर पांच लाख का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही सब्जी मंडी चौराहे पर अतिक्रमण करने पर दो व्यापारियों पर 10-10 हजार रूपए का जुर्माना लगाय। लापरवाही बरतने पर सुखमा के सुपरवाइजर को तत्काल सेवा से हटाने के निर्देश दिए। नगरायुक्त प्रेम प्रकाश मीणा वार्ड-87 में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। शुक्रवार सुबह-सुबह ऊपर कोट जामा मस्जिद के आसपास के एरिया में भ्रमण के दौरान ख़राब सफाई व कचरा उठान की खराब स्थिति मिलने पर स्वच्छता निरीक्षक रामजीलाल के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई करते हुए कारण बताओं नोटिस देने के साथ ही साथ इस क्षेत्र में सफाई के लिए जिम्मेदार कंपनी सुखमा कंपनी के सुपरवाइजर शिवम को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटाने के निर्देश दिए।
रास्ते पर सड़क पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को जमकर फटकार लगाई। नगर आयुक्त ने एक हलीम विक्रेता और दो सब्जी विक्रेताओं के विरुद्ध 10-10 हजार रुपए जुर्माना की कार्रवाई करते हुए तत्काल जुर्माना वसूल करने के निर्देश संबंधित स्वच्छता निरीक्षक को दिए। जामा मस्जिद के इर्द-गिर्द क्षेत्र चिराग चियांन, टनटनपाड़ा, हाथी पुल, बनियापाड़ा, उस्मानपाड़ा, घास की मंडी, कोतवाली रोड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय जामा मस्जिद के सामने हाथी पुल को जाने वाली मुख्य सड़क पर जगह जगह कचरे, धूल मिट्टी व कचरा जमा मिला। मौके पर देखने में प्रतीत हो रहा था कि इस सड़क पर काफी दिनों से कोई सफाई नही की गई है। निरीक्षण में जगह-जगह छोटे बड़े कचरे के ढेर पड़े हुए थे, हाथीपुल पर चढ़ने वाली सीढ़ियों पर कचरे के ढेर मिले, चिराग चियांन में बिना जाली लगे खुला नाला बहता हुआ मिला, चिराग़ चियांन की सीढ़िया पर कचरा जमा मिला, नालियां ओवरफ्लो मिली व इस क्षेत्र में सफाई कर्मचारी भी न के बराबर मिले। चिराग़ चियांन में निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्वच्छता निरीक्षक रामजीलाल से अर्बन कंपनी की आईईसी टीम द्वारा निर्धारित वार्डों में गतिविधि शुरू करने के बारे में पूछा गया। संबंधित स्वच्छता निरीक्षक ने बताया कि अर्बन कंपनी हेड एहसान सैफी ने कम्पनी के पास टीम कम होने के बारे में कहा है। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और पूछा अर्बन कंपनी ने अगर टीम नहीं लगाई है तो आपने मुझे बताया। मौके पर नगर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से एक्शन लेते हुए अर्बन कंपनी के विरुद्ध निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में 5 लाख का जुर्माना तत्काल प्रभाव से लगाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बिना किसी पूर्व सूचना के किसी भी वार्ड का औचक निरीक्षण किया जाएगा। अगले सात दिवस में सभी प्लॉट को कचरा मुक्त बनाना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




