Aligarh Health Inspection Uncovers Shocking Violations Multiple Hospitals Sealed बिना पंजीकृत संचालित चार अस्पताल सील, दो को नोटिस, Aligarh Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsAligarh NewsAligarh Health Inspection Uncovers Shocking Violations Multiple Hospitals Sealed

बिना पंजीकृत संचालित चार अस्पताल सील, दो को नोटिस

Aligarh News - एडी हेल्थ के निरीक्षण के 25 दिन बाद हुई कार्रवाई, सीएमओ ने तीन टीमों को सौंपी कार्रवाई की कमान

Newswrap हिन्दुस्तान, अलीगढ़Sat, 30 Aug 2025 01:44 AM
share Share
Follow Us on
बिना पंजीकृत संचालित चार अस्पताल सील, दो को नोटिस

अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। एडी हेल्थ डॉ. मोहन झा के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य सेवाओं की भयावह हकीकत सामने आने के 25 दिन बाद सीएमओ दफ्तर हरकत में आया है। बिना पंजीकरण, बिना डॉक्टर और बिना मूलभूत सुविधाओं के अस्पतालों में गंभीर मरीजों का इलाज जारी था। कहीं अप्रशिक्षित लोग ऑपरेशन थियेटर संभाल रहे थे, तो कहीं मरीजों से कोरे कागज पर हस्ताक्षर कराए जा रहे थे। ऐसे चार अस्पताल सील कर दिए गए, दो को नोटिस जारी किए हैं। सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने एडी हेल्थ की रिपोर्ट में चिह्नित अस्पतालों की जांच के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित कर दीं।

इन टीमों में डॉ. राहुल शर्मा, डॉ. अमित शर्मा और डॉ. रोहित गोयल के साथ पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी शामिल किए गए हैं। सभी टीमों को संबंधित अस्पतालों को नोटिस जारी करने और मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में डॉ. अमित शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने मेडी हेल्प, बीएम नर्सिंग होम, यशिका और रोकलेन हॉस्पिटल को सील कर दिया। इधर, डॉ. राहुल ने मेडी सिटी व लक्ष्य हॉस्पिटल को नोटिस जारी कर दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। 31 जुलाई को एडी हेल्थ डॉ. मोहन झा ने मेडीसिटी, केनडेला, हिंद, मेडी हेल्प और बीएम नर्सिंग होम का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि मेडीसिटी अस्पताल में 50 बेड और गंभीर मरीज मौजूद होने के बावजूद डॉक्टर नदारद मिले और पंजीकरण से जुड़े दस्तावेज तक नहीं दिखाए गए। वहीं, बीएम नर्सिंग होम में डॉक्टर की अनुपस्थिति में डिलीवरी हो रही थी। इसके अलावा 28 जुलाई को दीप्ति, महादेव, यशिका, अराध्या, रोकलेन और लक्ष्य हॉस्पिटल की जांच में भी ऐसे ही गंभीर उल्लंघन पाए गए थे। हालांकि, शहर में यह सवाल अब भी गूंज रहा है कि अगर एडी हेल्थ की जांच से पहले ही स्वास्थ्य विभाग ने गंभीरता दिखाई होती तो क्या इतने बड़े पैमाने पर लापरवाही और अव्यवस्था सामने आती ?

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।