मडराक नगर पंचायत में घूसखोरी का आरोप
Aligarh News - अलीगढ़ में मडराक नगर पंचायत में किसान मजदूर संगठन ने डीएम को ज्ञापन सौंपा, जिसमें भ्रष्टाचार और घूसखोरी का आरोप लगाया गया। संगठन ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र की पुरानी इमारत को बिना नीलामी बेचा गया और नई इमारत में घटिया सामग्री का उपयोग हो रहा है। किसानों और मजदूरों से अवैध वसूली की जा रही है।

अलीगढ़। मडराक नगर पंचायत में किसान मजदूर संगठन ने डीएम को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने नगर पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार और घूसखोरी का आरोप लगाया है। ज्ञापन संगठन के जिला महासचिव ठा. विनीश कुमार सिंह और उनकी टीम द्वारा दिया गया। ज्ञापन में आरोप है कि प्राइमरी स्कूल नंबर एक के पास बने आंगनबाड़ी केंद्र की पुरानी इमारत को बिना नीलामी के बेच दिया गया। साथ ही, नई इमारत के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किसानों और मजदूरों को गुमराह कर डूडा और राजस्व कर्मचारियों द्वारा अवैध वसूली की जा रही है, जिसमें नगर पंचायत स्तर पर भय का माहौल बनाया जा रहा है।
संगठन ने यह भी बताया कि ग्राम सभा की जमीनों पर भूमाफियाओं द्वारा अवैध कब्जे किए जा रहे हैं, जिन पर नगर पंचायत ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। टोल प्लाजा से गुजरने वाली सड़क पर छह महीने पहले गिट्टी डाली गई थी, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है, जिससे किसानों और मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पांचवें बिंदु में प्राइमरी स्कूल नंबर एक में बनी विकलांग शौचालय की रैंप को तोड़ने और नई बिल्डिंग बनाने का जिक्र है, जबकि पीछे काफी खाली जगह उपलब्ध है। संगठन ने इन सभी बिंदुओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा मरघट का खेत नंबर-52 दो रास्ते पर है। लिंक रोड की तरफ कुछ हिस्सा छोड़कर के उसका बाउंड्री बॉल का निर्माण कार्य करा दिया और आगरा रोड पर गेट दे दिया। जबकि लिंक रोड पर कोई गेट नहीं निकाला गया। इस दौरान किशन पाल सिंह, बाबू बघेल, घमंडी बघेल, राजू खान, निर्मला देवी, सुशीला देवी, उदयपाल सिंह आदि मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


