बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा ने बिखेरी चमक
Aligarh News - 53वीं बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में 53 नन्हे वैज्ञानिकों ने किया नवाचार का प्रदर्शन, विज्ञान और प्रौद्योगिकी से सजे मॉडल, चयनित प्रतिभागियों को मिला सम्मान
अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता। माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वाधान में आयोजित 53वीं बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2025 का समापन शुक्रवार को श्री टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज में हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. इंदू सिंह और जिला समन्वयक राजीव कुमार अग्रवाल ने मां सरस्वती व लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. पूरन सिंह ने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी का सही उपयोग ही उज्जवल भविष्य की कुंजी है। मेहनत और नवाचार से हर विद्यार्थी सफलता प्राप्त कर सकता है। निर्णायक सदस्य जवाहरलाल प्रवक्ता ने सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेते हुए कहा कि उनकी इच्छाशक्ति और संगठन कौशल आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक है।
गिरीश चंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों से पुस्तकों को अपना सच्चा मित्र बनाने की प्रेरणा दी। जिला समन्वयक राजीव अग्रवाल ने बताया कि प्रदर्शनी में कुल 53 बाल वैज्ञानिकों का चयन किया गया है, जिनमें प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी अब मंडल स्तर पर अपने मॉडल प्रस्तुत करेंगे। निर्णायक मंडल में डॉ. एकेएस चौहान, डॉ. सोनी सिंह, डॉ. बीनू त्रिपाठी, प्रो. रोली अग्रवाल, मोनिका शर्मा और रितेश यादव शामिल रहे। जूनियर और सीनियर वर्ग में चिरस्थाई कृषि, कचरा प्रबंधन, हरित ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकी और जल संरक्षण, जैसे विषयों पर प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट मॉडल प्रदर्शित किए। प्रधानाचार्य डॉ. इंदू सिंह ने सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




