
इस्तीफा दे चुके सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने कर दिया आंदोलन का ऐलान, मांग भी बताई
अलंकार अग्निहोत्री शनिवार सुबह केशवनगर डब्लू ब्लॉक स्थित अपने घर पहुंचे। जहां सवर्ण संगठनों और समर्थकों ने माला पहनाकर और नारेबाजी करते हुए जोरदार स्वागत किया। बेटे अलंकार को देखते ही मां भावुक हो गईं और उन्हें गले लगा लिया। अलंकार ने कहा कि यूजीसी के नए नियमों ने भारत की आत्मा को चोट पहुंचाई है।
यूजीसी कानून के विरोध में बरेली में सिटी मजिस्ट्रेट के पद से इस्तीफा देने के बाद अलंकार अग्निहोत्री शनिवार को कानपुर में अपने मूल निवास स्थान पर पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने यूजीसी एक्ट पर रोक लगा दी है, अब अगला लक्ष्य एससी-एसटी एक्ट को खत्म कराने के लिए होगा। इस कानून की आड़ में लाखों निर्दोष लोगों का जीवन बर्बाद किया गया है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए भी तय समय के बाद आंदोलन किया जाएगा। उनकी मांग है कि केंद्र सरकार इस एक्ट को भी पूरी तरह से खत्म करे। अगर, ऐसा नहीं होता है तो वह विभिन्न संगठनों के साथ मिलकर दिल्ली कूच करेंगे।
अलंकार अग्निहोत्री शनिवार सुबह केशवनगर डब्लू ब्लॉक स्थित अपने घर पहुंचे। जहां सवर्ण संगठनों और समर्थकों ने माला पहनाकर और नारेबाजी करते हुए जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बेटे अलंकार को देखते ही मां भावुक हो गईं और उन्हें गले लगा लिया। मीडिया से बात करते हुए अलंकार ने कहा कि यूजीसी के नए नियमों ने भारत की आत्मा को चोट पहुंचाई है। वहीं केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि जिस तरह ईस्ट इंडिया कंपनी ने भारत को लूटा था। उसी तरह वेस्ट इंडिया कंपनी देश को बर्बाद करने पर तुली है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीईओ और गृहमंत्री अमित शाह को कंपनी का एमडी बताते हुए आरोप लगाया कि 15-20 लाख करोड़ का बजट आता है। जिसमें 20 प्रतिशत इनके लोग काट लेते हैं। इसी लिए विकास नहीं हो सका है। कहीं पर कोई आमजन हित वाला काम नहीं दिख रहा है। एक तरह से देश को फिर से गुलाम बनाने की कोशिश हो रही है, इसी एजेंडे पर कंपनी बनाकर काम किया जा रहा है।
कहा कि पहले इनके लोग चुप्पी साधे रहे और बाद में जब विरोध के स्वर उठे तो वे लोग भी बचाव में जुट गए हैं। इससे पहले केशव नगर स्थित आवास पर पहुंचने के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने सबसे पहले अपनी मां गीता का आशीर्वाद लिया। मां भी उन्हें सामने देख खुद को रोक नहीं पाईं। माला पहनाने के साथ ही उन्हें गले से लगा लिया। इस दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। उनकी मां ने कहा, मेरा बेटा सच की लड़ाई लड़ रहा है। जनता उसके साथ है और बजरंगबली उसकी रक्षा करेगा।





