
आजम खां के दबाव में अखिलेश; रामपुर सांसद नदवी की किस खता ने किया इतना खफा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव और आजम खां की मुलाकात के दौरान कोई तीसरा नहीं था। यहां तक की रामपुर में मुलाकात हुई और रामपुर के सपा सांसद मोहिब्बुल्ला नदवी भी नदारद रहे। इसके पीछे आजम खां का दबाव सभी को पता है। आखिर नदवी से आजम इतने खफा क्यों हैं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर आजम खां का दबाव रामपुर दौरे के दौरान साफ दिखाई दिया है। रामपुर जाते समय सांसद मोहिब्बुल्ला नदवी को अखिलेश यादव अपने साथ विमान से लखनई से बरेली एयरपोर्ट तक साथ लेकर गए। वापसी में बरेली से लखनऊ भी लेकर आए। लेकिन बरेली से रामपुर नदवी के ही संसदीय क्षेत्र में नहीं ले गए। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर आजम खां अपनी ही पार्टी और अपने ही गृह जिले के सांसद से इतना खफा क्यों हैं? नदवी ने ऐसी कौन सी खता (गलती) कर दी जिसने आजम खां को बुरी तरह से खफा कर दिया है।
दरअसल, मोहिब्बुल्ला नदवी और आजम खां के बीच सियासी अदावत है। अदावत इसलिए है कि आजम की मर्जी के बगैर अखिलेश यादव ने मोहिब्बुल्ला नदवी को लोस चुनाव में टिकट दिया और आजम के लोगों के विरोध के बाद भी मोहिब्बुल्ला नदवी चुनाव जीत गए। इस जीत को आजम पचा नहीं पा रहे हैं। चंद रोज पहले आजम ने एक निजी चैनल पर इंटरव्यू में कहा था कि उस जीत को जीत न समझी जाए, वर्ना बात खराब हो जाएगी, मैं आज भी वही हूं जो पहले था। इतना ही नहीं, मोहिब्बुल्ला के एक बयान को लेकर भी आजम और उनके समर्थक नाराज हैं। सांसद बनने के बाद मोहिब्बुल्ला ने आजम के जेल में होने पर कहा था कि वह सुधारगृह में हैं, अल्लाह से दुआ है कि वह सुधरकर आएंगे। जिस पर आजम खां ने तीन दिन पहले बयान दिया था कि सुधारगृह से जरूर लौटा हूं, लेकिन सुधरा नहीं हूं।
यही वजह रही कि बुधवार को जब आजम खां से मिलने अखिलेश यादव रामपुर आए तो इससे पहले उन्होंने अपने चहेते सांसद मोहिब्बुल्ला से मुलाकात की और उन्हें लखनऊ से बरेली तक विमान से साथ लाए। सांसद के पीआरओ महबूब अली पाशा ने बताया कि सांसद मोहिब्बुल्ला नदवी लखनऊ से राष्ट्रीय अध्यक्ष जी के साथ बरेली तक आए और वापस में फिर बरेली से विमान से उनके साथ ही लखनऊ चले गए।
भारी पड़ा आजम का तल्ख मिजाज
आजम और मोहिब्बुल्ला के बीच तल्खी जग जाहिर है। मंगलवार को आजम खां ने मीडिया में सांसद पर तंज कसते हुए कहा था-मेरी बड़ी बदनसीबी है कि इतने बड़े आलिम,फाजिल मुस्लमानों के काइद और इस शहर के काइद मुल्क के रहनुमा उन्हें में जानता नहीं हूं। आजम ने अखिलेश यादव के आगमन को लेकर यह भी कहा था कि सुना है, मुझसे मिलने आ रहे हैं, मलतब मुझसे ही मिलेंगे, सिर्फ मुझसे...यानी संदेश साफ था कि सांसद मोहिब्बुल्लाह साथ न आएं। यही वजह रही कि आजम की तल्खी भांप अखिलेश सांसद मोहिब्बुल्ला को साथ लेकर आजम के घर नहीं आए।
सांसद को लेकर सवाल टाल गए अखिलेश
सांसद दिखाई नहीं दे रहे हैं...मीडिया के इस सवाल को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव टाल गए। ज्यादा पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने कहा कि सब कुछ आप मीडिया वाले फिक्स मत किया करो। उधर, आजम खां ने कहा कि हमारे पास कार्यक्रम सिर्फ अखिलेश यादव के आने का आया था, उनके साथ कोई आता तो वह भी सर आंखों पर।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



