बजट सेशन के बीच अखिलेश यादव का ट्वीट, बोले- इन मुद्दों पर हो संसद में चर्चा

Mar 09, 2026 02:37 pm ISTsandeep लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

संसद के बजट सत्र के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा कि मौजूदा युद्ध जैसे हालात में देश की प्राथमिकताएं बदलनी चाहिए। उन्होंने विदेश नीति, तेल आपूर्ति में आत्मनिर्णय, देश की संप्रभुता, युद्धग्रस्त क्षेत्रों में फंसे भारतीयों को सरकार के लिए अहम मुद्दे बताया।

बजट सेशन के बीच अखिलेश यादव का ट्वीट, बोले- इन मुद्दों पर हो संसद में चर्चा

संसद के बजट सत्र के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर सोशल मीडिया पर सरकार से कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जब संसद के बजट सत्र का अंतराल हुआ था तब चर्चा के विषय अलग थे, लेकिन अब युद्ध जैसे हालात और वैश्विक संकट के कारण देश की प्राथमिकताएं बदल जानी चाहिए। ऐसे समय में संसद और सरकार को कुछ अहम मुद्दों पर स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए।

विदेश नीति को लेकर गंभीर चर्चा हो- अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में सबसे पहले युद्ध के संदर्भ में भारत का पक्ष और राय स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि विदेश नीति को लेकर भी देश में गंभीर चर्चा जरूरी है। उनके मुताबिक यह सवाल भी उठना चाहिए कि कहीं भारत की विदेश नीति किसी दबाव में तो नहीं चल रही है। सपा प्रमुख ने तेल जैसी आवश्यक आपूर्ति के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी ऊर्जा जरूरतों के फैसले आत्मनिर्णय के आधार पर लेने चाहिए।

भारतीयों की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी- अखिलेश

उन्होंने इशारा करते हुए कहा कि यदि तेल जैसी आपूर्ति के फैसलों में बाहरी देशों के आदेश का प्रभाव होगा तो यह देश की संप्रभुता और आत्मनिर्भरता से जुड़ा गंभीर विषय बन सकता है। सपा अध्यक्ष ने युद्ध से प्रभावित क्षेत्रों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को भी बड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि विदेशों में काम करने वाले भारतीयों या पर्यटक के रूप में गए लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।

ट्वीट कर अखिलेश ने सुझाए चर्चा के मुद्दे

उन्होंने उन पत्रकारों और मीडियाकर्मियों का भी मुद्दा उठाया जो प्रधानमंत्री के साथ विदेश दौरे पर गए थे, लेकिन युद्ध शुरू होने के कारण अभी तक भारत नहीं लौट पाए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। सपा प्रमुख ने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि युद्ध जैसे हालात में जरूरी वस्तुओं और आपूर्ति की नियमित व्यवस्था बनाए रखना बेहद जरूरी है। साथ ही उन्होंने बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी बात कही।

अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है जब संसद का बजट सत्र चल रहा है और देश में आर्थिक, विदेश नीति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है। उन्होंने संकेत दिया कि मौजूदा संकट के माहौल में संसद में इन मुद्दों पर गंभीरता से बहस होनी चाहिए और देशहित में ठोस निर्णय लिए जाने चाहिए।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।