कन्नौज के 19 मंदिरों में एमपी फंड से सोलर लाइट लगवाएंगे अखिलेश यादव, डीएम को भेजी सिफारिश
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव कन्नौज के 19 मंदिरों में एमपी फंड से सोलर लाइट लगवाएंगे। अखिलेश यादव ने प्रस्तावों को मंजूरी देने के साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए डीएम के पास भेज दी है।

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में धार्मिक स्थल सोलर लाइटों की रोशनी से जगमग होंगे। इसके लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने सांसद निधि से अपने क्षेत्र के 19 मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर सोलर लाइट लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की है। इसके साथ ही सरायमीरा में एक हाईमास्ट लाइट तथा ग्राम मानपुर में 500 मीटर सीसी सड़क निर्माण को भी स्वीकृति दी गई है। सांसद अखिलेश यादव ने प्रस्तावों को मंजूरी देने के साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए डीएम के पास भेज दी है।
समाजवादी पाटी नेता जय कुमार तिवारी ने बताया कि स्वीकृत प्रस्तावों में जलालाबाद विकासखंड के मठिया शिव मंदिर, मिरगांवा बजरंगबली मंदिर, खिरजापुर गमा देवी मंदिर, रामपुर निवादा रेगावां बालाजी मंदिर, परसपुर सरैया बजरंगबली मंदिर, नदसिया बालाजी मंदिर, जलालपुर मतौली स्थित फूलनदास समाधि स्थल, सतौरा हनुमान मंदिर और अलीनगर ब्रह्मदेव मंदिर शामिल हैं। इसी प्रकार गुगरापुर विकासखंड के चिंतामणि मंदिर, मामा भोले मंदिर, स्वामी हरिश्चंद्र आश्रम, करीमपुर आश्रम तथा भिम्मापुरवा कटरी अमीनाबाद स्थित शिव मंदिर को भी सोलर लाइट योजना में शामिल किया गया है।
कार्य शीघ्र शुरू किए जाने की उम्मीद
कन्नौज विकासखंड में कुतलूपुर स्थित मांडवी देवी मंदिर, हजारा महादेवी मंदिर, शहर के सिद्धनाथ बाबा मंदिर और भटपुरी स्थित बाबा पंचमुखी महादेव मंदिर में भी सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। सांसद अखिलेश यादव ने इन प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को पत्र भेजकर उन्हें पोर्टल पर अपलोड कराने और आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। प्रस्तावों के स्वीकृत होने के बाद संबंधित विभागों द्वारा कार्य शीघ्र शुरू किए जाने की उम्मीद है। इन कार्यों से धार्मिक स्थलों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी।
धार्मिक स्थलों पर रात में पसरा रहता है अंधेरा
दरअसल, कन्नौज सांसदीय क्षेत्र के कई धार्मिक स्थल हैं जहां बिजली की व्यवस्था नहीं है। धार्मिक स्थलों पर रात में अंधेरा छा जाता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को जाने में असुविधा होती है। शाम होने के बाद धार्मिक स्थानों पर पूजा-पाठ करने में दिक्कत होती है। इससे श्रद्धालु परेशान है। अब अखिलेश यादव की इस पहल से 19 मंदिर समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर सौलर लाइटें लग जाएंगी। धार्मिक स्थलों पर परिसर रौशनी से जगमग हो जाएंगे। जिससे श्रद्धालुओं को रात्रि के समय आवागमन और दर्शन में सुविधा मिलेगी। खबर फैलाने के बाद इलाके श्रद्धालु इसको लेकर खुश है कि उनके इलाके के धार्मिक स्थल रौशनी से जगमग रहेंगे। अब उन्हें शाम के समय भी मंदिर जाने में कोई दिक्कत नहीं होगी।


