PM मोदी की अपील पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- आगे बढ़ना है तो साइकिल ही ऑप्शन

Pawan Kumar Sharma लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

उत्तर प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कम खपत और ऊर्जा संरक्षण को लेकर पीएम मोदी की अपील को अखिलेश यादव ने अलग ही अंदाज में लिया है। उन्होंने कहा है कि आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है। गौरतलब है कि सपा का चुनाव चिह्न साइकिल ही है।

PM मोदी की अपील पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- आगे बढ़ना है तो साइकिल ही ऑप्शन

UP News: पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और ऊर्जा संरक्षण को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील को सपा चीफ अखिलेश यादव ने अलग ही अंदाज में लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है। गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी का चुनाव चिह्न साइकिल ही है।

प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट किया। जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है।' अखिलेश ने इस कैप्शन के साथ एक कार्टून फोटो भी शेयर की। जिसमें अखिलेश यादव के कैरेटर जैसा सख्स साइकिल चलाते नजर आ रहा है और ऊपर लिखा है, 'हमने तो पहले ही कहा है कि साइकिल से बेहतर कुछ नहीं!'

साइकिल चलाकर कार्यालय पहुंचे सुरेश खन्ना

उधर, पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के अपील का असर अब मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना गुरुवार को अपने सरकारी आवास 10 कालिदास मार्ग से विधानसभा स्थित कार्यालय तक साइकिल चलाकर पहुंचे थे। मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि वह सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल से कार्यालय आने-जाने का संकल्प निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल जैसे ईंधनों की बचत आज राष्ट्रीय आवश्यकता बन गई है। देश को अपनी जरूरत का लगभग 85 से 86 प्रतिशत पेट्रोलियम उत्पाद विदेशों से आयात करना पड़ता है, जिस पर भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा खर्च होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए ऊर्जा संरक्षण की दिशा में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। यदि जनप्रतिनिधि और अधिकारी स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करेंगे तो आमजन भी इससे प्रेरित होंगे।

वाराणसी महापौर ने भी चलाई साइकिल

वाराणसी में महापौर अशोक कुमार तिवारी गुरुवार को अपने आवास से नगर निगम कार्यालय तक पैदल गये। नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि बुधवार को नगर निकाय की बैठक में प्रत्येक शनिवार को 'नो फ्यूल डे' मनाने का सामूहिक निर्णय लिया गया।

हालांकि, महापौर ने बृहस्पतिवार से ही रोजाना कार्यालय चलने के अपने संकल्प को लागू करके एक कदम आगे बढ़ाया। कई समर्थक और पार्षद भी इस पहल में शामिल हुए। तिवारी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण के हित में ईंधन संरक्षण की अपील की है। काशी के प्रथम नागरिक के रूप में उदाहरण पेश करना मेरा कर्तव्य है।’

योगी ने की थी सरकारी खर्चों में कटौती की अपील

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में सरकारी खर्चों में कटौती, ईंधन संरक्षण और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंत्रियों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अपने काफिलों में कटौती तथा अनावश्यक वाहनों के प्रयोग से बचने की अपील की थी। इसके बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों में कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी 'नो फ्यूल डे', सार्वजनिक परिवहन और पैदल अथवा साइकिल से आवागमन जैसी पहल शुरू की हैं।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।