अखिलेश यादव के हेलीकॉप्टर को उतरने की अनुमति नहीं, भड़के सपा प्रमुख का वीडियो से हमला

लाइव हिन्दुस्तान, ​बुलंदशहर
Follow us on Google News
share

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बुलंदशहर में प्रस्तावित कार्यक्रम के लिए हेलीकॉप्टर को उतारने की अनुमति नहीं मिली है। इसे लेकर मामला गहरा गया है। सपा प्रमुख ने वीडियो पोस्ट कर प्रशासन पर हमला बोला है।

Akhilesh yadav denied permission to land helicopter
बुलंदशहर में हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं मिलने पर भड़के अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बुलंदशहर दौरे को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। पुलिस प्रशासन की तरफ से सुरक्षा कारणों का हवाला देकर पुलिसलाइन मैदान में अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर उतारने की अनुमति नहीं देने से विवाद गहरा गया है। सपा सुप्रीमो भी इसे लेकर भड़क गए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पुलिस लाइन हेलीपैड का वीडियो पोस्ट कर बुलंदशहर प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। प्रशासन पर साजिश के तहत उन्हें आने से रोकने का आरोप लगाया है। वहीं, स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भी प्रशासन के इस फैसले को लेकर भारी रोष है।

​सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव का 11 सितंबर को बुलंदशहर में कार्यक्रम प्रस्तावित है। अखिलेश ने अपनी पोस्ट में सीधे तौर पर शासन और प्रशासन की मंशा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर में हेलीपैड पर दूर-दूर तक कोई जलभराव नहीं है। शासन के गुप्त निर्देशों पर प्रशासन जबरन सीमेंट, गारा और पेवर ब्लॉक्स दिखाकर कार्यक्रम रद्द करने का बहाना तलाश रहा है। सपा अध्यक्ष ने मांग की कि पार्टी पदाधिकारियों की मौजूदगी में निष्पक्ष तकनीकी विशेषज्ञों से स्थल की जांच कराकर सच्चाई सामने लाई जाए।​

सड़कों की खस्ताहाली पर तंज कसते हुए उन्होंने आगे लिखा कि अगर हम सड़क मार्ग से आएंगे तो भी क्या एक्सप्रेसवे, हाईवे या सड़कों के खराब होने का बहाना बनाया जाएगा? क्योंकि वे सड़कें तो सच में चलने लायक नहीं हैं। अखिलेश यादव ने सरकार पर हमलावर होते हुए सवाल किया कि जनता पूछ रही है कि हेलीपैड और मौसम की खराबी केवल विपक्ष के लिए है।

​सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा मैदान: एसपी सिटी

दूसरी ओर, जिला पुलिस प्रशासन ने सपा सुप्रीमो के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे विशुद्ध रूप से सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया है। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने स्पष्ट किया कि बुलंदशहर पुलिस लाइन मैदान में हेलीकॉप्टर लैंडिंग के सम्बन्ध में संबंधित एससीएन से औपचारिक रिपोर्ट मांगी गई थी। तकनीकी जांच रिपोर्ट में मैदान को सुरक्षित लैंडिंग के अनुकूल नहीं पाया गया। एसपी सिटी के अनुसार, वीवीआईपी सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए ही पुलिस लाइन में हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति नहीं दी गई है। वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट जेपी पांडेय ने बताया कि पुलिस लाइन मैदान में पानी भरने के कारण हेलीकॉप्टर लैंडिंग की परमिशन नहीं दी गई है।

​सपाइयों में भारी आक्रोश

प्रशासन के इस रुख के बाद जिले के समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में तीव्र आक्रोश व्याप्त है। जिलाध्यक्ष मतलूब अली समेत अन्य सपा पदाधिकारियों का कहना है कि प्रशासन सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रहा है और पार्टी के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में अड़ंगे डालने की कोशिश की जा रही है। अनुमति निरस्त होने के बाद सपा खेमा अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर वैकल्पिक व्यवस्था और रणनीति तय करने में जुट गया है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsअखिलेश के हेलीकॉप्टर को उतरने की अनुमति नहीं, भड़के सपा प्रमुख का वीडियो से हमला