राम मंदिर चढ़ावे को लेकर अखिलेश यादव ने पूछे 11 सवाल, बोले- पाप करने वालों को कौन बचा रहा है?

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बीच अखिलेश यादव ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इस मामले में कथित हेराफेरी और पारदर्शिता को लेकर 11 सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर इस घोटाले का सरगना कौन है, उसे कौन बचा रहा है।

Akhilesh Yadav asked questions about Ram Temple donations theft asking Who is protecting the sinners

Ram Mandir Ayodhya: समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव ने एक बार फिर राम मंदिर चढ़ावा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार पर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि इस घोटाले का सरगना कौन है और कौन बचा रहा है। इस घोटाले में किस-किस की हिस्सेदारी है और डबल इंजन अब कहां हैं?

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'ट्रस्टी कहना क्या चाहते हैं किसी को समझ नहीं आ रहा है। ⁠हेराफेरी में संलिप्त लोगों को हिरासत में लेने की खबरें, अखबारों, टीवी चैनलों, मीडिया पोर्टल और यूट्यूबर द्वारा प्रसारित की जा रही हैं। ⁠पहले पुलिस कुछ नहीं कहती लेकिन बाद में न जाने किसके दबाव में खंडन करती है। जनता के आक्रोश को देखकर ⁠पूरे देश के भाजपाइयों की घिग्घी बंध गई है। ⁠भाजपा के संगी-साथी इस मसले की आपराधिक गतिविधि से पल्ला छुड़ाने के लिए सदैव की तरह भूमिगत हो गये हैं। लखनऊ की सरकार ने अपने मुंह पर ताला लगा लिया है। वहीं, ⁠दिल्ली की सरकार का ड्रोन और दूरबीन पता नहीं कहां हैं। इन अस्पष्टता भरे हालातों में विश्वभर में सनातनी समाज के बीच आशंकाएं और भी अधिक बलवती हो गईं हैं।

अखिलेश ने पूछे 11 सवाल

सपा प्रमुख ने आगे अपने पोस्ट में 11 सवाल पूछते हुए लिखा कि इनका भी खुलासा होना चाहिए।

1-कौन है इन सबके पीछे, जो देश की सनातनी आस्था से खिलवाड़ कर रहा है?

2- चढ़ावे में चोरी का पाप करनेवालों को कौन बचा रहा है?

3- ⁠इस अपराध के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं और कितनी दूर तक जाते हैं?

4- कौन ऐसा अधर्मी है, जिसके हाथ में इस पूरे कांड की लगाम है?

5- इस घपले का सरगना कहाँ छिपा बैठा है?

6- ⁠इस घोटाले में किस-किस की हिस्सेदारी है?

7- इस कांड के खुलने के पीछे चोरी के पैसों के बंटवारे की लड़ाई मुख्य कारण है या कुछ प्रभावशाली लोगों की आपसी प्रतिस्पर्धा?

8- पैसे गिनने जैसे संवेदनशील कार्य में ट्रस्ट व सरकारी बैंक के बीच निजी कंपनियों का खेल किसने खेला और उसका छिपा मंसूबा क्या है?

9-सीसीटीवी का प्रमाण सार्वजनिक करके मामले की सच्चाई बताने में क्या परेशानी है?

10- डबल इंजन अब कहां हैं?

11- डबल इंजन क्या सिर्फ़ डबल ईंधन का उपभोग करने के लिए हैं या उनकी कोई ज़िम्मेदारी भी है?

केंद्रीय एजेंसी से जांच कराई जाए : भाजपा नेता रजनीश सिंह

उधर, भाजपा नेता और पार्टी प्रवक्ता डॉ. रजनीश सिंह ने मंगलवार को राम जन्मभूमि मंदिर को मिले दान में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष, उच्च-स्तरीय केंद्रीय जांच की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भेजे पत्र में मांग की कि इस मामले की जांच केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) या किसी अन्य सक्षम केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जांच के नतीजों को सार्वजनिक किया जाए ताकि मंदिर ट्रस्ट में श्रद्धालुओं का भरोसा बना रहे।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।