धरने से नहीं, सरकार को डराने से हर काम होगा; योगी के मंत्री संजय निषाद को अखिलेश की नसीहत

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

गोंडा के विनोद साहनी हत्याकांड पर अखिलेश यादव ने संजय निषाद पर निशाना साधते हुए कहा कि सहयोगी मंत्री को धरने के बजाय सरकार को डराना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज की सुनवाई नहीं हो रही। भाजपा के लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाते हुए परिवार की मांगें मानने की अपील की।

SP President Akhilesh Yadav arrived to meet Leader of the Opposition Mata Prasad Pandey
नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से मिलने पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव

गोंडा में कारोबारी विनोद कुमार साहनी हत्याकांड के मामले को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार और उससे जुड़े लोग बड़े पैमाने पर अन्याय कर रहे हैं। कई जगह ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें लोगों की जान जा रही है। सपा प्रमुख ने गोंडा की घटना के साथ प्रतापगढ़, कौशाम्बी समेत प्रदेश के कई जिलों में हुई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के लोग लगातार पीड़ित, दुखी और अपमानित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति यह हो गई है कि सरकार के सहयोगी दल के एक मंत्री को भी धरने पर बैठना पड़ रहा है।

बिना नाम लिए संजय निषाद को अखिलेश की सलाह

संजय निषाद की ओर इशारा करते हुए अखिलेश ने कहा कि सहयोगी दल के मंत्री को धरने पर नहीं बैठना चाहिए। उन्हें सरकार को डराना चाहिए। यदि भाजपा के सहयोगी दल का कोई मंत्री सरकार से बाहर जाने की धमकी दे दे तो उसकी हर बात मान ली जाएगी। अखिलेश ने मंत्री से अपील की कि वह धरने पर बैठने के बजाय सरकार पर दबाव बनाएं। विनोद साहनी की हत्या का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए समाज की कोई सुनवाई नहीं हो रही है। यदि किसी बात को कहने या लिखने पर हत्या हो जाए तो फिर संविधान और कानून कहां है। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या की घटनाओं में भाजपा के लोग शामिल हैं और पुलिस तमाशा देख रही है। उन्होंने सरकार से विनोद के परिवार की मांगों को स्वीकार करने की मांग की।

बीजेपी पर अखिलेश का निशाना

अखिलेश ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था के साथ सरकारी सेवाएं भी बर्बाद हो चुकी हैं। अस्पतालों में लोगों को इलाज नहीं मिल रहा है। प्रदेश में कई अस्पताल खुद ही बीमार हैं और गरीब इलाज के लिए भटक रहा है। उन्होंने भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि इन मुद्दों पर बात करने के बजाय जानबूझकर ध्यान हटाने के लिए आजम खां के खिलाफ मुकदमे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खां के खिलाफ लगे सभी मुकदमे उसी तरह वापस लिए जाएंगे, जिस तरह मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने अपने तथा अपने लोगों के मुकदमे वापस लिए हैं।

बीजेपी के कई विघायकों के टिकट कटने जा रहे

भाजपा की बैठकों पर भी अखिलेश ने निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि बैठकों में विधायकों के टिकट काटने की सूची तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कई विधायकों के टिकट कटेंगे और गठबंधन के सहयोगी दलों के विधायकों के टिकट पर भी संकट आने वाला है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आज पार्टी के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष विधानसभा माता प्रसाद पाण्डेय से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे थे। इस दौरान उन्होने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी मौजूद भी मौजूद रहे।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsधरने से नहीं, सरकार को डराने से काम होगा; मंत्री संजय निषाद को अखिलेश की नसीहत