आकाश आनंद फिर बसपा से बाहर? मायावती के भतीजे ने बदला बायो, पार्टी वर्कर से अब सिर्फ सपोर्टर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती के भतीजे आकाश आनंद फिर से चर्चा में हैं। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया पर अपना बायो बदला तो नई चर्चाओं को हवा मिल गई है। माना जा रहा है कि एक बार फिर वह पार्टी से बाहर हो गए हैं।

imayawati akash anand
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती और उनका भतीजे आकाश आनंद (फाइल फोटो)

यूपी में एक तरफ विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है तो दूसरी तरफ मायावती की बहुजन समाज पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। पिछले हफ्ते तक बसपा में दूसरे नंबर की हैसियत रखने वाले चीफ नेशनल को-ऑर्डिनेटर रहे भतीजे आकाश आनंद से मायावती ने अचानक पद छीन लिया। पद छीने जाते ही आकाश ने सोशल मीडिया पर अपना बायो बदलकर बसपा कोआर्डिनेटर से बसपा वर्कर लिख लिया था। इस बीच रविवार को उससे भी बड़ा धमाका हुआ। आकाश आनंद ने सोशल मीडिया पर खुद को बसपा वर्कर से बसपा सपोर्टर लिख दिया है। तीन दिन में दूसरी बार हुए बदलाव को कई नजरिये से देखा जा रहा है। कहा जा रहा है कि एक बार फिर आकाश आनंद को बसपा से बाहर कर दिया गया है।

पिछले हफ्ते गुरुवार को जो कुछ हुआ, उसका संकेत चार दिन पहले रविवार को ही मिल गया था। आकाश आनंद को भले ही गुरुवार की बैठक में मायावती ने अपरिपक्व बताते हुए कोआर्डिनेटर के पद से हटाने का ऐलान किया। लेकिन इससे ठीक पहले रविवार वाली बैठक से आकाश आनंद नदारत थे। यानी चार दिन पहले ही आकाश आनंद पर फैसला हो चुका था। इसी तरह अब बायो बदलने पर कहा जा रहा है कि आकाश आनंद को बसपा से बाहर कर दिया गया है, इसका ऐलान कभी भी हो सकता है। आकाश आनंद पहले भी बसपा से निकाले जा चुके हैं।

आकाश आनंद का सोशल मीडिया बायो तीन दिन में दूसरी बार बदल गया है।

सवा दो साल में छह बार मायावती का बदला फैसला

पिछले सवा दो साल में मायावती कई बार अपने भतीजे आकाश आनंद को लेकर असमंजस में दिखाई दी हैं। एक दो बार नहीं, छह बार आकाश आनंद को लेकर उन्होंने अपना ही पिछला फैसला बदला है। आकाश को 2024 लोकसभा चुनाव से पहले अपना उत्तराधिकारी घोषित करते हुए नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाकर पार्टी में अपने बाद सबसे बड़ी जिम्मेदारी दी थी। लोकसभा चुनाव के दौरान ही मायावती ने उन्हें अपरिपक्व बताकर नेशनल कोऑर्डिनेटर पद से हटाया और उत्तराधिकारी वाला ओहदा भी छीन लिया था।

लोकसभा चुनाव के बाद आकाश को दोबारा जिम्मेदारियां दे दी गईं। पिछले साल मार्च में एक बार फिर आकाश को सभी सांगठनिक पदों से हटाते हुए पार्टी से बाहर का रास्ता भी दिखा दिया गया। एक महीने बाद ही माफी मांगने की बात कहते हुए दोबारा पार्टी में शामिल किया। मई में आकाश को फिर से चीफ नेशनल कोऑर्डिनेटर भी बना दिया गया। पिछले हफ्ते फिर से मायावती का मूड आकाश को लेकर खराब हुआ और फिर से राजनीतिक अपरिपक्व बताते हुए पद छीन लिया है। अब नए बायो से संकेत मिल रहे हैं कि उन्हें पार्टी से भी बाहर कर दिया गया है।

मायावती के इन कदमों से भी आकाश के बाहर होने का मिल रहा संकेत

बताया जा रहा है कि मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों से आकाश और उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ से सोशल मीडिया पर भी दूरी बनाने का निर्देश दिया है। दोनों को अनफालो करने के लिए कहा गया है। हालांकि कई पदाधिकारी ऐसे निर्देश से अनभिज्ञता जता रहे हैं। वहीं, पार्टी में आकाश के छोटे भाई ईशान आनंद को उत्तराखंड की राजनीतिक गतिविधियों की जिम्मेदारी दिए जाने की बात भी सामने आई है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsआकाश आनंद फिर बसपा से बाहर? मायावती के भतीजे ने बदला बायो, वर्कर से सपोर्टर