मायावती की पोस्ट को रिपोस्ट नहीं करने की भतीजे आकाश ने बताई वजह; बोले- बसपा ही मेरा परिवार

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

बसपा से निष्कासित होने के बाद आकाश आनंद ने पहली बार चुप्पी तोड़ते हुए मायावती से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में जो सीखा, उनके मार्गदर्शन में सीखा। मायावती की पोस्ट रिपोस्ट न करने पर सफाई देते हुए फिर पार्टी और मिशन की सेवा का मौका मांगा।

Nephew Akash Anand with Mayawati
मायावती के साथ भतीजा आकाश आनंद

बसपा से बाहर निकाले जाने के बाद पहली बार मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होने एक्स पर पोस्ट करते हुए बीएसपी सुप्रीमो मायावती से माफी मांगी है। साथ ही उनकी पोस्ट को रिपोस्ट नहीं करने पर भी सफाई दी है। उन्होने एक्स पर लिखा कि राजनीति में मैंने जो कुछ सीखा, वो आपसे सीखा। जो कुछ किया, वो आपके मार्गदर्शन में किया। मेरी चुप्पी को गलत समझा गया। अगर इससे आपको ठेस पहुंची है, तो मैं उसके लिए आपसे क्षमा चाहता हूं। मैं सिर्फ आपके नेतृत्व में फिर से पार्टी और मिशन की सेवा का अवसर चाहता हूं।

मायावती के पोस्ट को रीपोस्ट नहीं करने की वजह बताई

आकाश आनंद ने बसपा चीफ मायावती की पोस्ट को रिपोस्ट नहीं करने की वजह बताते हुए लिखा कि उस समय मैंने ख़ुद को सोशल मीडिया से दूर कर लिया था, इसलिए आपके उस पोस्ट को रिपोस्ट नहीं कर पाया। मेरी उस चुप्पी को ग़लत समझा गया, और अफवाहों को जगह मिली। अगर इससे आपको ठेस पहुंची है, तो मैं उसके लिए आपसे क्षमा चाहता हूं। दरअसल मायावती इस बात से नाराज थी कि आकाश ने अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकाले जाने वाली पोस्ट को रिपोस्ट नहीं किया था।

बीएसपी ही मेरा परिवार, मैं कहीं नहीं जाऊंगा- आकाश

आकाश ने दूसरी पार्टियों में जाने की अटकलों को भी खारिज कर दिया। उन्होने कहा कि मैं किसी दूसरे राजनीतिक दल में नहीं जा रहा। न आज, न कभी। बीएसपी मेरे लिए सिर्फ एक पार्टी नहीं, मेरा परिवार है। दरअसल, आकाश को पार्टी से बाहर किए जाने के बाद चंद्रशेखर और एनडीए के सहयोगी निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने पार्टी जॉइन करने का ऑफर दिया था। तभी से यह कयास चल रहा था कि आकाश दूसरी पार्टी जॉइन कर सकते हैं।

अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकालने का फैसला ठीक

आकाश ने एक्स पर लिखा कि ससुर अशोक सिद्धार्थ को पार्टी से निकालने और उनके राजनीति से संन्यास का आपका फैसला पूरी तरह ठीक है। मैं उस फैसले के साथ खड़ा हूं। रिश्ते अपनी जगह हैं, लेकिन मिशन उनसे बड़ा है। व्यक्तिगत और पारिवारिक हितों से ऊपर पार्टी और आंदोलन का हित रखना मेरी जिम्मेदारी है। आप ही मेरी राजनीतिक गुरु हैं, मेरी प्रेरणा हैं। मेरी बुआ- मां भी हैं। आकाश की इस पोस्ट के बाद से एक बार फिर उनकी बसपा में वापसी की चर्चा तेज हो गई है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsमायावती की पोस्ट को रिपोस्ट नहीं करने की आकाश ने बताई वजह; बोले- BSP मेरा परिवार