वाराणसी से एयर इंडिया की ईजी कनेक्ट सेवा शुरू, यूरोप समेत 17 देशों के लिए आसान हुई विमान यात्रा
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राममोहन नायडू ने वाराणसी से गुरुवार को एयर इंडिया की ईज़ी कनेक्ट सेवा का शुभारंभ किया। केंद्र सरकार के हब-ऐंड-स्पोक’ मॉडल के तहत शुरू की गई इस सेवा से अब दुनिया के 17 देशों में विमान सेवा आसान हो जाएगी।

एयर इंडिया ने गुरुवार को केंद्र सरकार के ‘हब ऐंड स्पोक’ मॉडल के तहत वाराणसी से एयर इंडिया की ‘ईज़ी कनेक्ट’ सेवा शुरू कर दी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राममोहन नायडू ने इसका शुभारम्भ किया। इस सेवा के शुरू होने से यूरोप, पश्चिम एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया के 17 देशों के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट मिलना आसान हो गया है। इसके शुभारंभ पर नायडू ने कहा कि जल्द ही देश के छह अन्य शहरों से यह सेवा शुरू होगी। इससे छोटे शहरों से दुनियाभर के शहरों तक विमान यात्रा आसान हो जाएगी। छह हफ्ते में छह एयरपोर्ट पर ईजी कनेक्ट उड़ान सेवा शुरू होगी। पहले दिन 180 यात्री विमान से रवाना हुए। इनमें 26 यात्री दिल्ली से छह देशों की यात्रा पर जाएंगे। इनमें तीन विदेशी यात्री भी शामिल रहे।
देश में 100 नए एयरपोर्ट और 200 हेलीपैड बनेंगे
इस अवसर पर मंत्री नायडू ने कहा कि देश में 100 नए एयरपोर्ट और 200 हेलीपैड बनेंगे। पूर्वोत्तर राज्यों और आउटरीच जगहों पर हेलीपैड बनाए जाएंगे। उड़ान सेवा पर आने वाले 10 वर्ष में 2900 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कहा कि पहले दुनिया भर से लोग काशी आते थे, अब काशी से विश्व की यात्रा करेंगे। वाराणसी एयरपोर्ट का विस्तारीकरण 13 महीने में पूरा हो जाएगा। नए टर्मिनल भवन दिसंबर तक ही बन जाएगा।
कई शहरों में चरणबद्ध तरीके से लागू होगा मॉडल
एयर इंडिया के गवर्नेंस, रिस्क, कंप्लायंस और कॉर्पोरेट अफेयर्स के ग्रुप हेड पी. बालाजी ने कहा कि इसका उद्देश्य देश के टियर-2 और टियर-3 शहरों से बड़े पैमाने पर आसान इंटरनेशनल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। वाराणसी से दिल्ली पहुंचने के चार घंटे के भीतर यह सेवा लंदन हीथ्रो, फ्रैंकफर्ट, मिलान, रोम, ज्यूरिख, मनीला, सिंगापुर, फुकेत, कुआलालम्पुर, रियाद और दुबई समेत 17 अंतर्राष्ट्रीय शहरों के लिए आसानी से कनेक्टिंग उड़ानें उपलब्ध कराएगी।
पी. बालाजी ने बताया कि इस मॉडल को कई और शहरों में चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। यह देश के लिए अधिक प्रभावी, इंटीग्रेटेड और विश्वस्तर पर प्रतिस्पर्धी एविएशन इकोसिस्टम बनेगा। उन्होंने कहा कि हब ऐंड स्पोक मॉडल के तहत, वाराणसी जैसे ‘स्पोक’ शहरों को दिल्ली जैसे बड़े ‘हब’ एयरपोर्ट्स से जोड़ा जाता है, जहां से यात्री आसानी से एयर इंडिया के बड़े ग्लोबल नेटवर्क का एक्सेस पा सकते हैं।
‘ईजी कनेक्ट’ से ये होंगे फायदे
वाराणसी जैसे टियर 2 और टियर 3 शहरों से यात्रा करने वाले यात्री अपने होम एयरपोर्ट पर ही आखिरी अंतर्राष्ट्रीय गंतव्य तक के लिए चेक-इन कर सकते हैं। उन्हें हब एयरपोर्ट जैसे दिल्ली, मुंबई में अपना सामान लेने या दोबारा चेक-इन करने की ज़रूरत नहीं होगी। वहीं, यात्री अपने शुरुआती एयरपोर्ट पर ही इंटरनेशनल इमिग्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे। इससे उन्हें हब पर लंबी कतारों में लगने और प्रोसेसिंग की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें विदेशी हब एयरपोर्ट से गुज़रने में होने वाली मुश्किलों और अनजान माहौल का सामना नहीं करना पड़ेगा।
एयरपोर्ट विस्तारीकरण का निरीक्षण
इससे पहले मंत्री नायडू बुधवार की रात एयरपोर्ट पहुंचे और एयरपोर्ट विस्तारीकरण का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता और समय के अंदर काम पूरा करने का निर्देश दिया। एयरपोर्ट के अधिकारियों से पूरे प्रोजेक्ट, अब तक की प्रगति और अन्य बिंदुओं पर जानकरी ली।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।
पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।


