2 दिन में भी काठमांडू नहीं पहुंच सकी बैंगलुरु से उड़ी फ्लाइट, ऐसा क्या हुआ?

Feb 28, 2026 08:39 pm ISTDeep Pandey लखनऊ, प्रमुख संवाददाता
share Share
Follow Us on

एयर इंडिया एक्सप्रेस की बैंगलुरु से उड़ी फ्लाइट काठमांडू दो दिन में भी उतर नहीं पाई। फ्लाइट शाम साढ़े चार बजे के करीब लखनऊ डायवर्ट हो गई। ऐसा लगातार दूसरे दिन हुआ है।

2 दिन में भी काठमांडू नहीं पहुंच सकी बैंगलुरु से उड़ी फ्लाइट, ऐसा क्या हुआ?

एयर इंडिया एक्सप्रेस की बैंगलुरु से उड़ी फ्लाइट नेपाल की राजधानी काठमांडू में दो दिन में भी उतर नहीं पाई। मौसम खराब होने की वजह से फ्लाइट शाम साढ़े चार बजे के करीब लखनऊ डायवर्ट हो गई। ऐसा लगातार दूसरे दिन हुआ है। एक दिन पहले उड़ी यह फ्लाइट इसके पूर्व काठमांडु के चक्कर काटकर वाराणसी डायवर्ट हुई थी। ऐसे में सोशल मीडिया पर यात्री और उनके परिवारीजन पोस्ट कर एयर इंडिया एक्सप्रेस को ट्रोल कर रहे हैं। लिख रहे हैं कि एयरलाइंस दो दिन में भी एक फ्लाइट को काठमांडू नहीं पहुंचा सकी। फ्लाइट में 180 से ज़्यादा यात्री हैं।

लखनऊ एयरपोर्ट के सूत्रों के अनुसार दिन में 2:49 बजे लखनऊ एटीसी को सूचना मिली कि फ्लाइट आईएक्स 872 तेज हवा की वजह से काठमांडू में उतर नहीं पा रही है। इसको लखनऊ डायवर्ट किया गया है। यह फ्लाइट यहां पर 16:30 बजे उतरी। इसे रनवे के आगे टैक्सी वे 10 पर रोका गया। इसके पहले इसे वाराणसी डायवर्ट किया गया था। यह फ्लाइट एक दिन पहले उड़ी थी। तब भी मौसम खराब हुआ था तो वाराणसी डायवर्ट कर दिया गया। ऐसे में यात्रियों के परिवारीजनों में बेहद आक्रोश है। आरोप है कि यात्रियों को एयरपोर्ट पर मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसना पड़ा है। रिपोर्ट्स के अनुसार बैंगलुरु एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर इमिग्रेशन काउंटर के पास यात्रियों के परिवारीजनों और मित्रों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार एयरलाइन ने उन यात्रियों को दोबारा रहने की जगह या रिफ़ंड देने का ऑफ़र दिया है जिन्हें मौसम की वजह से परेशानी हुई थी।

खाड़ी देशों से हवाई सम्पर्क टूटा, 17 फ्लाइटें निरस्त की गईं

वहीं ईरान और इजराइल के बीच युद्ध की वजह से खाड़ी देशों का एयरस्पेस बंद हो गया है। ऐसे में इन देशों से लखनऊ का हवाई सम्पर्क टूट गया है। एक ओर यहां के लोग इन देशों में नौकरी कर रहे या किसी कारण से गए अपनों की खबर पाने के लिए परेशान हैं। दूसरी ओर उनकी चिंता भी बढ़ गई है। नतीजतन दोपहर बाद से एयरलाइंस की हेल्पलाइन पर लगातार कॉल आ रही हैं। शनिवार को लखनऊ से खाड़ी देशों में दम्माम, मस्कट सहित सात गंतव्यों के लिए आने-जाने वाली 17 उड़ानें निरस्त कर दी गईं। इसमें इंडिगो की उड़ानें सबसे ज्यादा प्रभावित हुईं।

ये घरेलू फ्लाइटें भी रहीं निरस्त

शनिवार को अमौसी एयरपोर्ट से किशनगढ़ व झारसुगड़ा के बीच चलने वाली स्टार एयर की चार उड़ानों को निरस्त कर दिया गया। हालांकि इन्हें परिचालन संबंधी कारणों से निरस्त किया गया। लखनऊ से किशनगढ़ जाने वाली स्टार एयर की एस5-223, स्टार एयर की लखनऊ से झारसुगड़ा जाने वाली एस5-229 तथा झारसुगड़ा से लखनऊ आने वाली स्टार एयर की एस5-228 एवं किशनगढ़ से लखनऊ आने वाली एस5-222 निरस्त रहीं।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी टीम में हैं। दीप का डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव है। यूपी के लखनऊ और वाराणसी समेत कई जिलों में पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखने का शौक है। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए हैं। सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करे| पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में |