AI से फोटो बनाई, सोशल मीडिया खंगाला, 24 घंटे में खुलासा; थ्रिलर फिल्म जैसी सोनाली मर्डर की कहानी
आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर मिली युवती की लाश की पहचान पुलिस ने एआई तकनीक और साइबर जांच से सोनाली के रूप में की। दिल्ली से प्रेमी सनी गिरफ्तार हुआ। पूछताछ में प्रेम प्रसंग में हत्या का खुलासा हुआ। वारदात में अन्य साथियों की भूमिका की जांच जारी है।

आगरा के यमुना एक्सप्रेस-वे पर मिली अज्ञात युवती की लाश और मर्डर का खुलासा पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए 24 घंटे में कर दिया है। खंदौली टोल से करीब तीन किलोमीटर आगे गांव सौरई के पास कंबल में लिपटा शव मिलने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवती की पहचान करना थी। शव के पैर में बिछुए, हाथ पर ‘सनी’ लिखा होना और चेहरे पर चोट के निशान मिले, लेकिन फोटो स्पष्ट नहीं होने से पहचान में दिक्कत आ रही थी।
पुलिस ने जांच में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का सहारा लिया। एआई की मदद से फोटो को साफ कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और डिजिटल डेटाबेस खंगाले गए। इसके बाद फोटो सोनाली नाम की युवती से मैच हुआ। शुरुआती जानकारी में युवती के मध्य प्रदेश से जुड़े होने की बात सामने आई, जिस पर पुलिस टीम दिल्ली रवाना हुई। साइबर सर्विलांस और डिजिटल ट्रैकिंग से पता चला कि युवती मूल रूप से महोबा के विजयपुर की रहने वाली थी और दिल्ली में रह रही थी।
जांच के दौरान पुलिस को सोनाली के प्रेमी सनी के बारे में अहम सुराग मिले। सनी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में किराये पर रहता था और बार-बार मकान बदलने तथा संदिग्ध गतिविधियों के कारण पुलिस के रडार पर आया। पुलिस टीम जब उसके घर पहुंची तो वह फरार मिला। इसके बाद उसके भाई और अन्य ठिकानों पर दबिश दी गई। आखिरकार पुलिस ने उसे पकड़ लिया और पूछताछ शुरू की।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की वारदात में सनी अकेला था या उसके परिजन या अन्य साथी भी शामिल थे। शुरुआती पूछताछ में नई प्रेमिका के कारण हत्या का एंगल सामने आया है। पुलिस आरोपी को खंदौली लाकर आगे की पूछताछ और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।


