
गणतंत्र दिवस से पहले पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, किराए के मकान से 250 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद
हापुड़ पुलिस को गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने एक मकान से 250 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस टीम ने लाखों रुपये के निर्मित और शादी में इस्तेमाल होने वाला पटाखा समेत अन्य सामान बरामद किया है।
यूपी के हापुड़ में पुलिस को गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी कामयाबी मिली है। दरअसल, अपर पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन सत्यापन के तहत बाबूगढ़ थाना पुलिस ने एक मकान से 250 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस टीम ने लाखों रुपये के निर्मित और अनिर्मित कैंडल (शादी में इस्तेमाल होने वाला पटाखा) समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पकड़ा गया आरोपित गाजियाबाद का रहने वाला है।
थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने वह टीम के साथ बताया कि सोमवार रात ऑपरेशन सत्यापन के तहत नए किराएदारों की जांच करने के लिए कुचेसर चौपला स्थित गांव फतेहपुर पर पहुंचे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि राहुल खटीक के मकान में अवैध रूप से पटाखों में उपयोग होने वाली कैंडल को बनाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने मौके से गाजियाबाद थाना टीलामोड के गांव फरूखनगर कहने वाले नदीम को हिरासत में ले लिया। मामले की जांच की तो मौके पर मकान से ढाई कुंतल ड्राई कॉटन पाउडर (विस्फोटक सामग्री), लाखों रुपये कीमत के बने-अधबने कैंडल समेत अन्य सामान बरामद किया। नदीम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि यह ड्राई कॉटन पाउडर शादी में उपयोग होने वाली पटाखों के कैंडल बनाने में काम आता है। मौके पर इसे बनाने की कोई अनुमति प्राप्त नहीं हुई है। यह पाउडर कहां से लाया गया इसके बारे में जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
20 दिन पहले नदीम ने किराए पर लिया था मकान
थाना प्रभारी ने बताया कि जांच करने पर पता चला कि नदीम ने 20 दिन पूर्व राहुल खटीक का मकान किराए पर लिया था। राहुल से भी पूछताछ की जाएगी कि उसने किस आधार पर नदीम को मकान किराए पर दिया। मामले की विस्तृत जांच कराई जा रही है। गौरतलब है कि अपर पुलिस महानिदेशक भानू भास्कर के आदेश पर मेरठ जोन में ऑपरेशन सत्यापन चलाया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



