ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगराशिकोहाबाद में छेड़छाड़ में युवक की गोली मारकर हत्या

शिकोहाबाद में छेड़छाड़ में युवक की गोली मारकर हत्या

एक युवक पर दूसरे पक्ष के लोगों ने परिवार की महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाकर बुधवार शाम को हंगामा कर मारपीट की थी। उस समय विवाद शांत हो गया लेकिन गुरुवार को शौच के लिए जाते युवक को विरोधियों ने गोली...

शिकोहाबाद में छेड़छाड़ में युवक की गोली मारकर हत्या
हिन्दुस्तान टीम,आगराThu, 26 Oct 2017 01:03 PM
ऐप पर पढ़ें

एक युवक पर दूसरे पक्ष के लोगों ने परिवार की महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाकर बुधवार शाम को हंगामा कर मारपीट की थी। उस समय विवाद शांत हो गया लेकिन गुरुवार को शौच के लिए जाते युवक को विरोधियों ने गोली मार दी। इससे उसकी हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर किया। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

शिकोहाबाद के झमझमपुर निवासी विजय यादव (26) पुत्र पूरन सिंह पर गांव के ही दूसरे पक्ष के अरमान पुत्र जलाल, छिंगा पुत्र हुंडीलाल व अशोक कुमार ने अपने परिवार की महिला के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगाकर कहासुनी की थी। बुधवार की शाम को दोनों पक्षों में मारपीट तक हो गई थी। गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करा दिया था।

आरोप है कि जब विजय यादव गुरुवार सुबह शौच को खेतों की ओर निकला तो पहले से घात लगाकर बैठे तीनों आरोपियों ने उस पर गोली चला दी। गोली विजय के सीने में लगी और वह गिर पड़ा। चीख पुकार व गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े और घायल विजय को पहले शिकोहाबाद अस्पताल लाए। यहां से जिला अस्पताल लाने पर गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया। आगरा में उपचार के दौरान विजय ने दम तोड़ दिया।

हत्या की सूचना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया। वहीं परिजनों ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की तहरीर थाना शिकोहाबाद पुलिस को दी है। मामले में एसएसपी डॉ.मनोज कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर एसपी देहात महेंद्र सिंह, एसओ ऊदल सिंह से जानकारी ली व हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को दबोचने के आदेश दिए। फिलहाल पुलिस गोलीकांड की हकीकत जानने का प्रयास कर ही है वहीं आरोपी गांव से फरार हो गए हैं। शव को आगरा से पीएम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

आरोपी की पत्नी बोली खुद गोली मारी

इस हत्याकांड में नामजद हुए अरमान पुत्र जलाल की पत्नी साइमा का आरोप है कि मृतक बुधवार को विवाद के दौरान गालीगलौज कर रहा था। उसने सुबह खेतों में जाकर खुद गोली मारी है। हमारे परिवार के सदस्यों को फंसाया जा रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें