ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगराचंबल से मिले फतेहपुर सीकरी क्षेत्र को पानी

चंबल से मिले फतेहपुर सीकरी क्षेत्र को पानी

फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में जल संकट और आलू किसानों के हित में आगरा में अंतर्राष्ट्रीय आलू...

चंबल से मिले फतेहपुर सीकरी क्षेत्र को पानी
हिन्दुस्तान टीम,आगराThu, 23 Jul 2020 08:04 PM
ऐप पर पढ़ें

आगरा। वरिष्ठ संवाददाता

फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में जल संकट और आलू किसानों के हित में आगरा में अंतर्राष्ट्रीय आलू शोध केंद्र की स्थापना के संबंध में चर्चा की।

सांसद ने मुख्यमंत्री को बताया कि फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में आगरा, किरावली, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह सहित पांच तहसीलें आती हैं। लगभग सभी तहसील क्षेत्र डार्क जोन घोषित हैं। यहां भूजल कहीं कहीं तो एक हजार फुट गहराई तक नहीं है। साथ ही फलोराइड युक्त है। क्षेत्र की स्थिति बुंदेलखंड जैसी हो गई है।

घड़ियाल क्षेत्र को सीमित किया जाए

फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र यमुना और चंबल नदी के बीच स्थित है। चंबल नदी क्षेत्र से लगभग 65 किमी तक सटकर गुजरती है। पानी स्वच्छ एवं पीने के योग्य है। शोधन की आवश्यकता नहीं है। इसे रिवर लिफ्ट योजना द्वारा सीधे सप्लाई किया जा सकता है। राजस्थान के भरतपुर जिले में 150 किमी की दूरी से धौलपुर से चंबल के पानी की सप्लाई की जा रही है। आगरा में पूरे चंबल क्षेत्र को घड़ियाल क्षेत्र घोषित कर रखा है इसकी वजह से आगरा को लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसे सीमित करने एवं क्षेत्र निर्धारण की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने सहमति व्यक्त करते हुए अधिकारियों को कार्यवाही के निर्देश दिए।

अंतराष्ट्रीय शोध केंद्र खोला जाए

सांसद ने आगरा के आलू किसानों के मुद्दे पर कहा कि आगरा उत्तर प्रदेश का सर्वाधिक आलू उत्पादक जिला है, पर आगरा में आलू के किसानों को उत्पादन एवं विपरण की उचित सहूलियत नहीं मिल पा रही है इससे आलू उत्पादकों को उनकी फसल का उचित मूल्य नहीं मिल पाता है। आलू का अंतराष्ट्रीय शोध केंद्र अमेरिका के पेरू में स्थित है, भारत में उसकी एक शाखा खोली जानी है, जिसके संबंध में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर से मुलाकात कर उनसे इस संबंध में अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने मौखिक रूप से सहमति देते हुए इस दिशा में कार्य के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

........................................

रोहता गांव को मिलेगी पर्याप्त बिजली, बनेगा विद्युत उपकेंद्र

आगरा। रोहता गांव को पर्याप्त बिजली मिलेगी। यहां नया 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बनेगा। सांसद राजकुमार चाहर ने इस बाबत जिलाधिकारी को पत्र भेजा था। वहीं दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता एसके चौधरी ने एडीएम प्रशासन को जमीन के लिए पत्र भेजा था। एसडीएम सदर गरिमा सिंह के निर्देश पर लेखपालों ने सब स्टेशन के लिए 3070 वर्गमीटर ग्रामसभा की जमीन चिह्नित कर ली है। जल्द आवंटन की प्रक्रिया की जाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें