
दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, पत्नी और बेटा घायल
संक्षेप: Agra News - मलपुरा क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धौलपुर निवासी 35 वर्षीय सचिन की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में एक महिला और एक बच्चा भी घायल हैं। पुलिस ने घायलों को...
मलपुरा, हिन्दुस्तान संवाद। थाना मलपुरा क्षेत्र के नगला बसुआ के समीप शुक्रवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें धौलपुर निवासी एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। घायलों में महिला और एक मासूम बच्चा शामिल है। जिला धौलपुर के मालौनी बसई पंवार निवासी 35 वर्षीय सचिन पुत्र अमर सिंह जाटव पेशे से मजदूर थे। शुक्रवार को वह भाईदूज के मौके पर पत्नी खुशबू और पांच वर्षीय बेटे कृष्णा के साथ गढ़ी भदौरिया स्थित ससुराल जा रहे थे। शाम करीब छह बजे नहर किनारे नगला बसुआ गांव के पास उनकी बाइक सामने से तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ गई।
दूसरी बाइक बसई नवाब (धौलपुर) निवासी अशोक चला रहे थे। वह अपने पिता मांगेराम को बोदला के प्रेम नगर स्थित रिश्तेदारी में छोड़कर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर दूर तक जा गिरे। बुरी तरह लहूलुहान हो गए। सूचना पर थाना प्रभारी विनोद मिश्रा पुलिस बल के साथ पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजा। उपचार के दौरान सचिन ने दम तोड़ दिया। अन्य तीन घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। थाना प्रभारी विनोद मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




