Agra News: ईको कार से टकराए आगरा के बाइक सवार कांवड़िए, दो की मौत
Agra News: कोतवाली क्षेत्र में काली नदी पर बाइक सवार कांवड़ियों की एक दुर्घटना में दो कांवड़ियों की जान चली गई। एक और कांवड़िये को गंभीर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है। पुलिस ने घटना की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई की। शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके पैतृक गांव भेजा गया।

Agra News: शहर कोतवाली क्षेत्र में काली नदी पर सोमवार तड़के बाइक सवार कांवड़िये ओवरटेक कर आगे निकलने के प्रयास में अपने ही समूह की ईको कार से टकरा गए। दुर्घटना में बाइक सवार दो कांवड़ियों की मौत हो गई। जबकि एक कांवड़िओं को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। एएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव उनके पैतृक गांव के लिए भेज दिए। पुलिस के मुताबिक सोमवार की सुबह करीब चार बजकर 38 मिनट पर पुलिस को जानकारी मिली कि काली नदी पुल पर बाइक सवार कांवड़ियों ईको कार से टकरा गए हैं।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही इंस्पेक्टर जगदीशचंद्र मय पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए। साथ ही सूचना देकर एंबुलेंस को भी मौके पर बुला लिया। घटना स्थल पर दो कांवड़िए मृतावस्था में थे, जिनकी शिनाख्त हरिगोविंद पुत्र महावीर निवासी बन्नावली थाना फतेहपुर सीकरी जनपद आगरा, राहुल पुत्र जगदीश निवासी सतनापुर थाना किरावली जनपद आगरा के रूप में हुई है। जबकि घायल का नाम विवेक पुत्र सुन्दर सिंह निवासी मोहल्ला नोलक्खा थाना सदर बाजार जनपद आगरा बताया गया।मृतकों के साथ मौजूद अन्य लोगों ने बताया कि दो दर्जन से अधिक लोगों के समूह में कछला घाट से कांवड भरकर आगरा जा रहे थे, ईको कार भी उनके समूह में थी, आगे निकलने के प्रयास काली नदी पर बाइक सवार अपने ही समूह की ईको से टकरा गए। पुलिस ने दोनों शव व घायल विवेक को जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी मिलते ही एसपी ओमप्रकाश सिंह, एएसपी सुशील कुमार, सीओ सिटी आंचल चौहान जिला अस्पताल पहुंच गए और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने दोनों शव उनके पैतृक गांव के लिए भेज दिए। घायल को भी जिला अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।


