यमुना में डूब रहे दो महिलाओं समेत तीन को नाविकों ने बचाया
तीर्थ स्थल बटेश्वर में पूर्णिमा पर्व पर स्नान के दौरान तीन लोग डूबने लगे। कल्पना देवी और रेखा देवी ने अभिषेक को बचाने की कोशिश की, लेकिन वे भी डूबने लगीं। शोर सुनकर नाविक और तैराक ने तुरंत मदद की और तीनों को सुरक्षित निकाल लिया। सभी श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और बचाने वालों की सराहना की।

तीर्थ स्थल बटेश्वर में पूर्णिमा पर्व पर रविवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां स्नान करने आए दो महिलाओं और एक युवक को नाविकों व तैराकों ने डूबने से बचाया। प्रातः करीब 6. 30 बजे शिकोहाबाद से बटेश्वर यमुना नदी में स्नान करने आई महिलाएं कल्पना देवी (25) व रेखा देवी देवी (22) और युवक अभिषेक (15) महाकालेश्वर मंदिर घाट पर स्नान कर रहे थे। नहाने के दौरान अचानक अभिषेक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख बचाने के लिए कल्पना देवी ने कोशिश की, लेकिन वह भी गहरे पानी में समाने लगीं।
दोनों को मुसीबत में देख रेखा देवी ने भी उन्हें बचाने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया, जिससे वह भी डूबने लगीं। तीनों को डूबता देख घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद नाविक राजू और स्थानीय तैराक बल्ले (बलिदाऊ ) गोस्वामी ने बिना वक्त गंवाए तत्काल यमुना नदी में छलांग लगा दी। दोनों जांबाजों ने कड़ी मशक्क़त के बाद तीनों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया। तीनों की जान सकुशल बचने पर घाट पर मौजूद सैकड़ों श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और नाविक व तैराक की बहादुरी का आभार व्यक्त किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


