
रामबाग के जाम में फंस जाती हैं शव यात्राएं
Agra News - शहर में यातायात व्यवस्था बिगड़ने से शव यात्रा निकालने में परेशानी हो रही है। रामबाग चौराहे के पास जाम में शव यात्रा घंटों फंसी रहती है। वजीरपुरा के लोग स्थानीय श्मशान भूमि की दशा सुधारने के प्रयास कर रहे हैं और जनप्रतिनिधियों से मदद मांगेंगे।
शहर में बिगड़ी यातायात व्यवस्था से आम वाहन चालकों के साथ कई स्थानों पर शव यात्रा निकालने में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जाम लगने पर शव यात्रा घंटों फंसी रहती है। यह समस्या सबसे ज्यादा रामबाग चौराहे के आसपास देखी जा रही है। इसी कारण वजीरपुरा के लोग स्थानीय श्मशान भूमि की दशा सुधारने के प्रयास में जुट गए हैं। इसके लिए वे जनप्रतिनिधियों से भी मिलेंगे। यमुनापार स्थित कटरा वजीर खां श्मशान भूमि की स्थिति खराब है। यहां कम लोग अंत्येष्टि करते हैं। अधिकांश लोग शवों को नराइच स्थित श्मशान घाट ले जाते हैं, लेकिन रामबाग चौराहे पर लगने वाले जाम के कारण उन्हें भारी परेशानी होती है।

कई बार शव यात्रा खुद भी जाम का कारण बन जाती है। इस मुद्दे पर स्थानीय लोगों की बैठक रविवार को हुई। बैठक में तय किया गया कि कटरा वजीर खां श्मशान भूमि की दशा सुधारी जाए। यहां लकड़ी रखने के लिए बड़ा दालान बनाया जाए और टायलेट की व्यवस्था की जाए। कोषाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गोयल ने बताया कि इसके लिए स्थानीय लोगों से आर्थिक सहयोग लिया जाएगा और जनप्रतिनिधियों की मदद भी मांगी जाएगी। इससे मोक्षधाम की व्यवस्था सुधरेगी और लोगों को नराइच स्थित कबीर घाट नहीं जाना पड़ेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




