ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगराएकजुट होकर विप्र देश को देंगे नयी दिशा

एकजुट होकर विप्र देश को देंगे नयी दिशा

आगरा। सनातन विचार मंच की ओर से रविवार को विप्र महापंचायत का आयोजन किया गया। सूरसदन में आयोजित कार्यक्रम में ब्राह्मणों के एकजुट होने का आह्वान किया...

एकजुट होकर विप्र देश को देंगे नयी दिशा
हिन्दुस्तान टीम,आगराSun, 24 Oct 2021 08:35 PM
ऐप पर पढ़ें

आगरा। सनातन विचार मंच की ओर से रविवार को विप्र महापंचायत का आयोजन किया गया। सूरसदन में आयोजित कार्यक्रम में ब्राह्मणों के एकजुट होने का आह्वान किया गया। इसके साथ ही राजनैतिक विचारधाराओं से ऊपर उठकर समाज के उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया गया। राष्ट्र को दिशा देने ओर राष्ट्र के लिए कार्य करने की बात वक्ताओं ने कही।

कार्यक्रम का शुभारंभ कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि ब्राह्मण ही समाज को देता आया है और देता रहेगा। ब्राह्मण ने कभी अपने अस्तित्व की लड़ाई नहीं लड़ी। हमेशा राष्ट्र के लिए लड़ाई लड़ी है। हमने बलिदान दिया है हम दधीची के वंशज हैं। उन्होंने कहा आप देखकर रहे हैं कि कुछ लोगों का सड़क पर होने वाला उपद्रव कम हुआ है। ऐसे में आपको एकजुट होकर तय करना है कि राष्ट्र किस के हाथ मे सुरक्षित है। हर ब्राह्मण अपने समाज के साथ खड़े रहे। गरीब को गले से लगाए।

उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि आज हमारे सामने बहुत सारी चुनौतियां हैं। प्रदेश में जातिवाद का जहर घोला जा रहा है। इसे समाप्त करने का बीड़ा हमें ही उठाना है। जब-जब चुनौती पूर्ण समय आया है। तब-तब हमारे पूर्वजों ने दिशा दी है। हमें अपनी भूमिका पर मंथन करना होगा। क्योंकि हमें समाज को सही दिशा दिखानी है। ब्राह्मण समाज ही बदलाव का ध्वजवाहक है। हमने समाज से कुरीतियों को समाप्त किया है। हमारा लक्ष्य मां भारती को विश्व गुरु बनाना है। आपको यह मानना पड़ेगा कि आप अलग हैं। इसकी पहचान गांव में जाकर आसानी से हो जाएगी। हमारी पहचान को कोई नहीं बदल सकता। पूर्व जिला जज दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि इतिहास से नहीं आज से हमारा भविष्य तय होगा। राजनैतिक चैतन्यता में हम पिछड़ गए हैं। हमें अपने वोट की ताकत दिखानी होगी। पीटीआई के पूर्व चेयरमैन प्रमोद गोस्वामी ने कहा है कि विप्र समाज विघटित है। देश को दिशा दिखाने वाले नैपथ्य में है। सबको पता है हम बंटे हुए हैं। ब्राह्मण सर्वोपरि हैं। अपने आप को ही छोटे बड़े के बीच मे न बांटे। ब्राह्मण समाज का अपमान करके देश आगे नहीं बढ़ सकता। राज्यसभा सांसद हरद्वार दुबे ने कहा कि समाज के नाम पर राजनीति करने की जगह समाज को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करें। एकजुट होकर समाज को आगे बढ़ाएं। महंत योगेशपुरी ने मंच पर मौजूद मंत्री द्वय को गुरुकुल परम्परा को फिर से शुरू करने का सुझाव दिया। कार्यक्रम में गजेंद्र शर्मा ने कहा कि ब्राह्मण का मतलब यह नहीं है कि छोटी-छोटी बातों पर लड़ाई लड़े। समाज को दिशा दें। धन्यवाद ज्ञापित आयोजन समिति के विकास भारद्वाज ने किया। संचालन डॉ. तरुण शर्मा ने किया। इस मौके पर महिला आयोग की सदस्य निर्मला दीक्षित, बिग्रेडियर विनोद दत्ता, डॉ. रुचि चतुर्वेदी, शैलेन्द्र शर्मा, लोकेश पाठक, रघु पंडित, मनीष थापक, पवन समाधिया, राहुल शर्मा एडवोकेट, सजल भारद्वाज, मनोज तिवारी, आशीष पाराशर, राजकुमार पथिक मौजूद रहे।

कृष्ण सर्किट से बृज-आगरा में बढ़ेगा पर्यटन

उर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि बृज, आगरा को मिलाकर सर्किट तैयार किया जा रहा है। कृष्ण सर्किट के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। कोशिश की जा रही है कि पर्यटक बृज और आगरा, फतेहपुर सीकरी में तीन दिन गुजारें। पूरे बृज में सुविधाएं बढ़ाने के साथ पर्यटकों का ठहराव हो सके इस पर भी काम हो रहा है।

राजनीति पर विवाद, समाज की बात करने की उठी मांग

कार्यक्रम के दौरान राजनैतिक वक्तव्यों और प्रदेश में ब्राह्मणों पर अत्याचार होने का आरोप लगाते हुए पर विवाद हो गया। विभिन्न राजनैतिक दलों से जुड़े लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। स्थिति यह हो गई कि मंत्रियों को विरोध कर रहे लोगों को शांत करना पड़ा। मंत्री ब्रजेश पाठक और श्रीकांत शर्मा ने माइक थामकर लोगों को शांत किया। साथ ही समाज की समस्या सुनने और समाधान का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें