ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश आगराताजनगरी में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर के बेटे से 1.50 लाख लूटे

ताजनगरी में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर के बेटे से 1.50 लाख लूटे

शमसाबाद मार्ग पर रजरई स्थित आनंद विहार कालोनी (ताजगंज) में सोमवार को लूट की वारदात हुई। पल्सर सवार बदमाश झपट्टा मारकर प्रॉपर्टी डीलर के बेटे से बैग लूट ले गए। बैग में 1.50 लाख रुपये रखे...

ताजनगरी में दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर के बेटे से 1.50 लाख लूटे
हिन्दुस्तान टीम,आगराMon, 18 Dec 2017 09:03 PM
ऐप पर पढ़ें

शमसाबाद मार्ग पर रजरई स्थित आनंद विहार कालोनी (ताजगंज) में सोमवार को लूट की वारदात हुई। पल्सर सवार बदमाश झपट्टा मारकर प्रॉपर्टी डीलर के बेटे से बैग लूट ले गए। बैग में 1.50 लाख रुपये रखे थे। लूट की सूचना पर पुलिस पहुंची मगर बदमाशों का पता नहीं चला। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों ने गेट बंद कालोनी में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना दोपहर करीब साढ़े बारह बजे की है। रजरई मोड़ पर विनोद यादव की कस्तूरी प्रॉपर्टी लिंकर्स के नाम से दुकान है। सुबह उन्होंने पीएसी कैंपस स्थित स्टेट बैंक से डेढ़ लाख रुपये निकाले। गाड़ी से बैंक गए थे। कैश लेकर दुकान पर आ गए। एक व्यक्ति को भुगतान करना था। वह नहीं आया। यह देख उन्होंने बेटे को फोन करके घर से बुलाया। दुकान से घर बमुश्किल 500 मीटर दूर है। उन्होंने बेटे विकास को कैश का थैला दिया। कहा कि पैसे घर पर रख दे। दुकान पर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। बेटा थैला लेकर पैदल घर जा रहा था। कालोनी के गेट में घुस गया। सामने से एक बाइक आई। पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर थैला छीन लिया। विकास शोर मचाता रह गया। बदमाश भाग गए।

छानबीन में पता चला कि बदमाश विकास का पीछा करते हुए आ रहे थे। पहले कालोनी के अंदर गए थे। वहां से यू टर्न लिया था। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। शायद बदमाशों का कोई सुराग मिल जाए। पुलिस आशंका जता रही है कि किसी परिचित की मुखबिरी पर वारदात हुई है। बदमाशों को कैसे पता चला कि विकास थैले में कैश लेकर जा रहा है।

चिली स्प्रे कर लूटा बैग

आगरा। रामबाग चौराहे पर सोमवार की शाम नाटकीय अंदाज में वारदात हुई। टप्पेबाजों ने पहले गाड़ी के बोनट पर तेल फेंका। गाड़ी में सवार कॉलेज संचालक बाहर नहीं निकले तो चिली स्प्रे कर दिया। आंखों में मिर्च लगने और खांसी आने पर उन्हें बाहर आना पड़ा। शातिर बैग लेकर भाग गए। बैग में जरूरी कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, चेक बुक आदि सामान रखा हुआ था।

घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। शकुंतला नगर, गढ़ी भदौरिया निवासी डॉ. आशुतोष पचौरी के साथ वारदता हुई। जलेसर मार्ग पर उनका कॉलेज है। वह कॉलेज से लौट रहे थे। ड्राइवर गाड़ी चला रहा था। वह पिछली सीट पर थे। रामबाग चौराहे पर एक युवक ने ड्राइवर से कहा कि ऑयल टपक रहा है। ड्राइवर गाड़ी से उतर गया। डॉ. पचौरी गाड़ी में ही बैठे रहे। उनके बराबर में बैग रखा था। किसी ने गाड़ी के अंदर चिली स्प्रे कर दिया। आंखों में जलन होने और खांसी आने पर वह घबरा गए। गाड़ी से बाहर निकले। इसी बीच कोई बैग लेकर भाग गया। मिर्च के कारण उनकी आंखें बंद थी। वह उसे देख तक नहीं पाए। बैग में चेक बुक, ड्राइविंग लाइसेंस और जरूरी कागजात रखे हुए थे। पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी।

हवा हवाई खुलासों से बदमाश बेखौफ

आगरा। बहुत दिन हो गए पुलिस ने कोई गैंग नहीं पकड़ा। पकड़ लेगी तो एक भी घटना अनसुलझी नहीं रहेगी। एक साथ सभी का खुलासा हो जाएगा। भले ही बरामदगी कुछ न हो। आगरा पुलिस के इसी अंदाज से बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। वे जान चुके हैं कि पुलिस उनका पीछा नहीं कर रही है। जब भी किसी गैंग को पकड़ेगी उसी पर सारी घटनाएं खोल देगी। इसलिए वे बेखौफ हो गए हैं।

नवंबर में छत्ता थाने में एक गैंग पकड़ा गया था। 13 हजार रुपये बरामद हुए थे। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक लूट की वारदातों का खुलासा किया था। आठ लाख रुपये की भी एक लूट खोली गई थी। उसमें एक अंगूठी तक बरामद नहीं हुई थी। आठ लाख रुपये की यह लूट अर्जुन नगर (शाहगंज) में नेताजी ज्वैलर के मालिक यतेंद्र अग्रवाल के साथ हुई थी। पुलिस ने अयूब (मुल्ला की प्याऊ, मलपुरा), शिवा (धनौली), जीतू, ओमवीर(नौमील) व राहुल (नरीपुरा) को जेल भेजा था। इससे पहले सदर में एक गैंग पकड़ा गया था। एक दर्जन से अधिक लूट की वारदातों का खुलासा किया गया था। इस गैंग से भी कुछ बरामद नहीं हुआ था। पुलिस ने पीड़ितों को ही फोन करके बरामदगी के लिए सामान देने को कहा था।

पकड़े जाएंगे बदमाश

एसएसपी अमित पाठक का कहना है कि एक-एक घटना उनके संज्ञान में है। सभी को अलग-अलग टॉस्क दिए गए हैं। जल्द ही घटनाओं का खुलासा होगा। घटनाओं के खुलासे में जो थाना प्रभारी मेहनत नहीं करेंगे उन्हें हटाया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें