
पार्किंग विवाद में चली गोली, शाह मार्केट केस में दो गिरफ्तार; तीन फरार
Agra News - शाह मार्केट (हरीपर्वत) गोलीकांड में दो आरोपियों को पुलिस ने जानलेवा हमले के आरोप में जेल भेजा। तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना पार्किंग विवाद के दौरान हुई, जिसमें एक युवक ने गोली चलाई। आरोपियों ने आगरा कॉलेज जाने की योजना बनाई थी, जहां मारपीट का इरादा था।
शाह मार्केट (हरीपर्वत) गोलीकांड में पुलिस ने गुरुवार को दो आरोपियों, आकाश और सोहन, को जानलेवा हमले के आरोप में जेल भेज दिया है। इनके तीन फरार साथी- रोहित बघेल, अभय चौहान, और शीलू की तलाश जारी है, ये तीनों गैलाना मार्ग के निवासी हैं। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि गोली अभय चौहान ने चलाई थी और रोहित बघेल के पास भी तमंचा था। ये सभी वास्तव में आगरा कॉलेज जा रहे थे, जहां रोहित बघेल का पिछले दिनों हुए विवाद को लेकर किसी से मारपीट करने का प्लान था।

आगरा कॉलेज जाते समय ये शाह मार्केट में एक साथी के मोबाइल में टेंपर्ड ग्लास लगवाने के लिए रुके थे। बुधवार को यहीं पार्किंग को लेकर सिम बेचने वाले मनीष गोयल से इनका विवाद हो गया और मारपीट शुरू हो गई। जब भीड़ इकट्ठा होने लगी, तो आरोपियों ने गोली चला दी, जो मनीष की कनपटी से छूकर निकल गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई थी। हालांकि, पीड़ित मनीष गोयल ने कोई शिकायत नहीं दी, लेकिन भीड़ ने दो आरोपियों, आकाश और सोहन को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।
नेहरू नगर चौकी इंचार्ज मोहित शर्मा ने अपनी ओर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर हरीपर्वत नीरज कुमार शर्मा ने बताया कि फरार तीनों आरोपियों के घरों पर पुलिस ने दबिश दी है, लेकिन वे भाग निकले हैं। पुलिस ने कहा कि जल्द ही फरार आरोपियों को भी जानलेवा हमले की धारा के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा और तमंचा बरामद कर आर्म्स एक्ट की धारा भी लगाई जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


